एस.ए.एस. नगर में होगा 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस राज्य स्तरीय समारोह
एस.ए.एस. नगर, 5 जनवरी 2026:
जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 25 जनवरी को मोहाली स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त श्रीमती कोमल मित्तल ने आज यहां दी।
संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने समारोह के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय महत्व का है और इसका आयोजन गरिमामय एवं समन्वित ढंग से किया जाना चाहिए।
श्रीमती कोमल मित्तल ने कहा कि एस.ए.एस. नगर को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय समारोह की मेजबानी करने का अवसर मिलना गौरव की बात है तथा सभी विभागों को पूरी निष्ठा और सुनियोजित तैयारी के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा एमिटी यूनिवर्सिटी से एक बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिसके उपरांत विश्वविद्यालय के सभागार में मुख्य समारोह आयोजित होगा।
उपायुक्त ने बताया कि समारोह के दौरान छात्र भाषण, विशेष बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मतदाता जागरूकता पर आधारित नाटक, भांगड़ा प्रस्तुति के अलावा मतदाता पंजीकरण एवं निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस को सुचारू, गरिमामय एवं प्रभावशाली ढंग से मनाने का आह्वान किया, ताकि लोकतांत्रिक सहभागिता एवं मतदाता जागरूकता को और सुदृढ़ किया जा सके।


