Tuesday, July 1, 2025
Homeहरियाणाकुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने...

कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की अनेक घोषणाएं

कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की अनेक घोषणाएं

 

 

 

विश्वविद्यालयों में योग पर शोध को बढ़ावा देने के लिए योग लेखक प्रोत्साहन योजना होगी शुरू, हर वर्ष ऐसे उत्कृष्ट लेखकों का सम्मान किया जाएगा

 

 

 

इस वित्त वर्ष में प्रदेश में स्थापित की जाएंगी 100 नई योग एवं व्यायामशालाएं

 

 

 

सभी सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के योग प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए क्रेडिट आधारित प्रणाली होगी शुरू

 

 

 

योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषयों को आयुष चिकित्सा प्रणाली के अंतर्गत दी जाएगी मान्यता, इन चिकित्सकों का राजकीय पंजीकरण भी आरंभ होगा

 

 

 

चंडीगढ़, 21 जून – हरियाणा में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह से मनाया गया और आज का दिन कई मायनों में खास रहा। जहां एक ओर गीता की स्थली कुरुक्षेत्र के पावन ब्रह्मसरोवर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में लगभग 1 लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग करके विश्व को संदेश दिया तो वहीं 22 जिलों और 121 खंडों में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 20 लाख से अधिक लोगों ने योग करके अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

 

 

 

राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, सांसद श्री नवीन जिंदल और आयुर्वेदाचार्य श्री बालकृष्ण सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विशेष रूप से योग गुरु स्वामी रामदेव ने सभी लोगों को योग करवाया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश को लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में योग पर शोध को बढ़ावा देने के लिए योग लेखक प्रोत्साहन योजना लागू की जाएगी। इसके तहत हर वर्ष ऐसे उत्कृष्ट लेखकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, चालू वित्त वर्ष में 100 नई योग एवं व्यायामशालाएं स्थापित की जाएंगी। अभी तक प्रदेशभर में 883 योग एवं व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र के लिए एक विशाल हॉल का निर्माण करवाया जाएगा।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि सभी सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के योग प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए क्रेडिट आधारित प्रणाली को शुरू किया जाएगा। साथ ही, हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भी योग को शैक्षणिक पाठ्यक्रम के रूप में लागू किया जाएगा। इसके लिए एक समान योग पाठ्यक्रम शीघ्र तैयार किया जाएगा।

 

 

 

उन्होंने कहा कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषयों को इस वर्ष से ही आयुष चिकित्सा प्रणाली के अंतर्गत मान्यता दी जाएगी। साथ ही, इन विषयों के चिकित्सकों का राजकीय पंजीकरण भी आरंभ किया जाएगा।

 

 

 

श्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि योगासन को खेल के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करने के लिए अनुभवी कोचों की नियुक्ति की जाएगी, जो खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षित करेंगे। खेल विभाग में 40 योग शिक्षकों की भर्ती शीघ्र शुरू की जाएगी।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से ही प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में 5 मिनट का ‘योगा-ब्रेक’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को तनाव मुक्त माहौल प्रदान करना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments