गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर खुरालगढ़ में राज्य स्तरीय समागम, सीएम भगवंत मान कैबिनेट संग पहुंचे
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर होशियारपुर जिले के खुरालगढ़ साहिब में राज्य स्तरीय समागम का आयोजन किया गया। इस पावन मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पूरी कैबिनेट के साथ श्री अखंड पाठ साहिब के भोग और अरदास में शामिल हुए।
गढ़शंकर के गांव खुरालगढ़ स्थित श्री गुरु रविदास स्मारक में 4 फरवरी को आरंभ हुए श्री अखंड पाठ साहिब का आज विधिवत रूप से भोग डाला गया। समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतों, धार्मिक नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए कहा कि गुरु जी का संदेश समानता, भाईचारे और मानवता पर आधारित समाज की नींव रखता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के उपदेशों के अनुरूप समाज निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य स्तरीय समागम के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ संगत की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा, यातायात और लंगर की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, ताकि संगत बिना किसी असुविधा के समारोह में भाग ले सके।
समागम का समापन धार्मिक मर्यादाओं के अनुसार किया गया, जहां संगत ने गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।


