चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की भूमि निजी बिल्डरों को न बेचें, किफायती 1-2 BHK फ्लैट बनवाएं: देवशाली
मध्यम एवं निम्न आय वर्ग को किफायती आवास उपलब्ध कराना हो हाउसिंग बोर्ड की प्राथमिकता: देवशाली
चंडीगढ़, 19 फरवरी 2026: चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) के गैर-सरकारी सदस्य एवं पूर्व निगम पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखकर सीएचबी की भूमि को निजी बिल्डरों को बाजार दरों पर आवंटित करने के समाचारों पर गहन चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की कीमती भूमि निजी डेवलपर्स को सौंपी गई, तो यह बोर्ड के मूल उद्देश्य—मध्यम एवं निम्न आय वर्ग को सब्सिडी वाले किफायती आवास उपलब्ध कराने—को मौलिक रूप से क्षति पहुंचाएगा, जो चंडीगढ़ की रीढ़ हैं।
देवशाली ने कहा कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड अपनी भूमि पर स्वयं तीन और चार कमरों वाले फ्लैट की बजाय बहुमंजिला 1 BHK एवं 2 BHK फ्लैटों का निर्माण करे, अधिक मंजिलों से इकाइयों की संख्या बढ़ाकर कीमतें कम रखें। उन्होंने कहा कि निजी बिल्डर केवल व्यावसायिक लाभ अर्जित करने का काम करेंगे इसलिए उन्हें जमीन देने के स्थान पर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ही आधुनिक डिजाइन एवं कुशल भूमि उपयोग से समावेशी विकास सुनिश्चित करे। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी राष्ट्रीय योजनाओं में अन्तर्निहित भावना के अनुरूप कार्य करते हुए कल्याणकारी आवास नीति अपनाए।
देवशाली ने पत्र में स्पष्ट किया कि सीएचबी की स्थापना ही राज्य-प्रायोजित सब्सिडी वाले आवास के लिए हुई थी, न कि लाभ-प्रधान विलासितापूर्ण प्रोजेक्ट्स के लिए। उन्होंने तत्काल समीक्षा, हितधारकों के साथ बैठक एवं प्रशासक के सकारात्मक हस्तक्षेप की मांग की है। “यह कदम न केवल सीएचबी की विरासत का सम्मान करेगा, बल्कि चंडीगढ़वासियों के हितों की रक्षा भी करेगा,” उन्होंने कहा।


