चंडीगढ़ :
नगर निगम चंडीगढ़ की महत्वपूर्ण पांच सदस्यीय वित्त एवं अनुबंध समिति (Finance & Contract Committee – F&CC) के गठन की प्रक्रिया के अंतर्गत आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से अपने प्रतिनिधियों के नाम नामांकन के लिए प्रस्तुत किए गए। यह नामांकन नगर निगम के मेयर सौरभ जोशी एवं सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से पार्षद कंवर राणा, हरजीत सिंह एवं राजेंद्र शर्मा के नाम F&CC कमेटी के सदस्य के रूप में नामांकन हेतु दिए गए। पार्टी नेतृत्व ने इन तीनों पार्षदों की कार्यशैली, अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए उन्हें इस अत्यंत महत्वपूर्ण समिति के लिए नामांकित किया है।
नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति शहर के विकास कार्यों, बजट प्रबंधन, वित्तीय स्वीकृतियों तथा ठेकों से संबंधित निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में भाजपा द्वारा नामांकित पार्षदों से यह अपेक्षा की जाती है कि वे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
नामांकन की प्रक्रिया के तहत सभी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए संयुक्त आयुक्त एवं सचिव हिमांशु गुप्ता को विधिवत रूप से नामांकन जमा करवाया गया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि F&CC कमेटी नगर निगम की रीढ़ है, क्योंकि इसके माध्यम से शहर के विकास से जुड़े बड़े निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के पार्षद इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएंगे।
सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह ने कहा कि भाजपा सुशासन और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। F&CC कमेटी में सक्षम और अनुभवी पार्षदों की भागीदारी से नगर निगम चंडीगढ़ के कार्यों को नई गति मिलेगी और शहर के समग्र विकास को मजबूती प्राप्त होगी।
नगर निगम चंडीगढ़ की F&CC कमेटी के लिए भाजपा पार्षदों ने किया नामांकन, सुशासन को मिलेगी मजबूती
नगर निगम चंडीगढ़ की F&CC कमेटी के लिए भाजपा पार्षदों ने किया नामांकन, सुशासन को मिलेगी मजबूती


