पंजाब बचाओ’ रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आह्वान – विकास, सुरक्षा और सुशासन का समय
नशा, भ्रष्टाचार और अपराधों पर प्रहार का संकल्प
गुरुओं की धरती से बदलाव की पुकार, पंजाब में भाजपा सरकार बनाने का आह्वान
चंडीगढ़, 21 फरवरी– हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर में आयोजित ‘पंजाब बचाओ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही पावन भूमि है जहां से श्री हरमंदिर साहिब से ‘सरबत दा भला’ का संदेश पूरी दुनिया में गया। यह वही धरती है जहां जलियांवाला बाग की मिट्टी आज भी स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की गवाही देती है। पंजाब ने भारत माता को भगत सिंह, उधम सिंह और सुखदेव जैसे अमर सपूत दिए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी महान और पवित्र धरती पर ‘पंजाब बचाओ’ का नारा लगाना पीड़ा भी देता है और संकल्प को मजबूत भी करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आत्ममंथन की आवश्यकता है क्या पंजाब का नौजवान सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरे भविष्य की ओर बढ़ रहा है, या नशे और निराशा के अंधकार में धकेला जा रहा है? क्या किसान संतोष की सांस ले पा रहा है या कर्ज और अनिश्चित नीतियों के बोझ तले दबा है? क्या व्यापारी निडर होकर व्यापार कर रहा है या फिरौती और असुरक्षा के साये में जी रहा है?
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और ढीली प्रशासनिक व्यवस्था ने पंजाब को कमजोर किया। नशे की समस्या गांव-गांव तक पहुंची, पर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रही। किसानों से कर्ज माफी और युवाओं को रोजगार के वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिखे।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद भी लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं। चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नशा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ, न ही युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर मिले। मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने की मांग की कि पिछले वर्षों में कितने युवाओं को स्थायी रोजगार दिया गया और नशा तस्करी पर क्या ठोस कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये की सहायता के लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को पूरा मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जहां 1139 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिए गए, वहीं भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 15 हजार 500 करोड़ रुपये किसानों को प्रदान किए।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत हरियाणा में प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लाखों लाभार्थियों को फायदा मिला है। इस योजना के तहत 4500 करोड़ रुपए की राशि भी ईलाज के रूप में खर्च की गई है।
हरियाणा मे वृद्धावस्था सम्मान भत्ता के रूप में 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। जबकि पंजाब मे आम आदमी पार्टी की सरकार ने 1500 रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपए करने की बात कही जोकि आज तक पूरी नहीं की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के लिए भाजपा को अवसर दे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में पंजाब की निर्णायक भूमिका होगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा सरकार बनने पर पंजाब में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
इस अवसर पर श्वेत मलिक, कार्यक्रम संयोजक साहिब सिंह मुच्छल, रघुबीर सिंह छिन्दा, पूर्व विधायक बिशन सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सरकार किसानों के हित में कर रही कार्य – श्याम सिंह राणा
इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो के समापन समारोह में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
चंडीगढ़, 21 फरवरी— हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि यह इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है। जिस तीव्र गति से सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही हैं, भारत 2047 से पहले ही विकसित राष्ट्र बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो में विभिन्न राज्यों और संस्थानों द्वारा लगाई गई स्टॉलें किसानों को नवीनतम तकनीक से रूबरू करा रही हैं, जितनी जानकारी बढ़ेगी, किसान उतना ही उन्नत और समृद्ध होगा।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शनिवार को करनाल में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो एवं राइस एंड ग्रेन एक्सपो के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक्सपो में विभिन्न राज्यों, विभिन्न विभागों व विभिन्न संस्थानों द्वारा लगाई स्टॉलों का अवलोकन किया व आधुनिक कृषि यंत्रों के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।
कृषि एक्सपो किसानों और उद्यमियों के लिए बनेंगे मील का पत्थर: कृष्ण कुमार बेदी
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने भी इंडिया इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर एक्सपो में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के एक्सपो किसानों और उद्यमियों के लिए मील का पत्थर साबित होते हैं। एक्सपो में विभिन्न राज्यों से आए स्टॉलों के माध्यम से तकनीक और नए विचारों को साझा करने का एक साझा मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि एक्सपो लगाने वाले आयोजकों और इसमें भाग लेने वाले किसानों व उद्यमियों का हौसला बढ़ाना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। ऐसी प्रदर्शनियों से न केवल किसानों को नई दिशा मिलती है, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
क्रमांक— 2026
भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में हम सभी की सहभागिता है जरूरी- मंत्री श्याम सिंह राणा
चंडीगढ़, 21 फरवरी-हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने एवं वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हम सभी की सहभागिता बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि प्राइवेट एवं सरकारी सेक्टर मिलकर कार्य करेंगे तो अवश्य ही भारत वर्ष 2047 से पूर्व विकसित राष्ट्र बनेगा।
मंत्री आज यमुनानगर के उपमंडल रादौर के गांव घिलौर माजरी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने
एक कंपनी की ओर से दी गई 10 लाख रुपये की राशि से स्कूल के बच्चों के बैठने के लिए स्टेप स्टूल, शौचालय व वाल पेंटिंग का भी उद्घाटन किया और स्कूल के परिसर में पौधारोपण भी किया।
मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में एआई(कृत्रिम बुद्धिमत्ता) विषय पर एक महत्वपूर्ण फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इसमें दुनिया के विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भाग लिया। एआई विषय पर आयोजित कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबर 155261 जारी किया गया है, जिससे विभिन्न प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई और खेल एक दूसरे के पूरक है, इसलिए बच्चों को पढाई के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए। यदि हम खेल नर्सरी के रूप में किसी एक खेल को अपना ले तो अवश्य ही हमें उस खेल में सफलता मिलती है और बच्चों में भी उसी खेल के प्रति रुचि पैदा होती है।
उन्होंने कहा कि हमें समय और अपनी ऊर्जा का सही रूप से इस्तेमाल करना चाहिए। खेल न केवल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का आधार है, बल्कि अनुशासन टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। देश सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति बनाई है और इस खेल नीति के कारण राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ी देश के अन्य राज्यों से ज्यादा पदक जीतकर लाते हैं।
क्रमांक-2026
संतों महापुरुषों, ऋषि मुनियों और गुरुओं की वाणी को जीवन में करें आत्मसात- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
चंडीगढ़, 21 फरवरी- केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि संतों महापुरुषों, ऋषि मुनियों और गुरुओं की वाणी को जीवन में आत्मसात करें। इससे जीवन में सुख समृद्धि खुशहाली मिलेगी और समाज सेवा की प्रेरणा आएगी।
श्री मनोहर लाल आज करनाल सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट (रजिस्टर्ड) श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित क्लिनिकल लैब और डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन करने के उपरांत उपस्थित संगत को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि त्याग और समर्पण की कोई सीमा नहीं होती। जब भी व्यक्ति इनको अपनाता है जीवन में सब कुछ मिलता है। ऐसा ही संदेश हमारे गुरूओं और महापुरुषों ने दिया है। हमें महापुरुषों के जीवन से समाज सेवा की प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार निरोगी योजना के तहत प्रदेश की जनता के नि:शुल्क टैस्ट हो रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री जगमोहन आनंद, महापौर रेनू बाला गुप्ता, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
नागरिकों को बिजली, पानी व सड़क जैसी मूलभूत सुविधायें उपलब्ध करवाने हेतु सरकार कृतसंकल्प : मंत्री कृष्ण लाल पंवार
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित
एजेंडे में शामिल 16 शिकायतों में से 14 शिकायतों का किया मौके पर निपटारा
चंडीगढ़, 21 फरवरी — हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरकार नागरिकों को बिजली, पानी व सड़क आदि मूलभूत सुविधायें उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की हर समस्या का शीघ्र उचित समाधान करें ताकि उनका सरकार में विश्वास प्रबल हो।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार शनिवार को रोहतक में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के एजेंडे में 16 शिकायतें शामिल की गई थी, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया तथा दो शिकायतों में कमेटी गठित कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए।
क्रमांक— 2026
पंजाब में नशे और अपराध पर सख्त प्रहार करेगी भाजपा – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
युवाओं की नई सोच से प्रदेश और देश को मिलेगी नई दिशा – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
पारदर्शी भर्ती व बुनियादी ढांचे के विस्तार पर सरकार का फोकस
चंडीगढ़, 21 फरवरी — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं की नई सोच और सकारात्मक ऊर्जा से प्रदेश और देश को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने पंजाब की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वहां नशे की समस्या गंभीर रूप से बढ़ी है, जिसका दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ा है। युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना समय की मांग है और भारतीय जनता पार्टी उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के लिए हरियाणा में साइक्लोथॉन और मैराथन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा भाग ले रहे हैं। अवैध नशा कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है और उनकी संपत्तियां भी अटैच की जा रही हैं। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
बढ़ते अपराधों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ कर शांति, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है और जनता अपेक्षित परिणाम नहीं देख पा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा सुदृढ़ हुई है। बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग और कनेक्टिविटी के विस्तार से विकास को नई गति मिली है।
रोजगार के विषय में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टैंड अप इंडिया जैसी पहलों से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। हरियाणा सरकार ने भी पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। पिछले एक वर्ष में लगभग 37,000 युवाओं को सरकारी रोजगार दिया गया है। हाल ही में 12,500 पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं, जिन्हें पूर्ण पारदर्शिता के साथ भरा जा रहा है, ताकि सभी वर्गों के युवाओं को समान अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हरियाणा के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक और एशियन गेम्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विदेश सहयोग विभाग की स्थापना कर युवाओं को सुरक्षित और पारदर्शी माध्यम से विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा वैध प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को सशक्त बनाकर प्रदेश और देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
क्रमांक: 2026


