पश्चिम एशिया तनाव के बीच पंजाब सरकार सक्रिय: सीएम भगवंत मान ने केंद्र से मांगे विशेष विमान, खाड़ी में फंसे पंजाबियों की वापसी तेज
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और हवाई क्षेत्र बंद होने की स्थिति के बीच खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए पंजाब सरकार ने सक्रिय कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू से फोन पर बातचीत कर विशेष राहत उड़ानें शुरू करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि अरब देशों से भारतीयों, खासकर पंजाबियों, को सुरक्षित वापस लाने के लिए तत्काल विशेष विमान संचालित किए जाएं। इस बीच केंद्र की ओर से भी संकेत मिले हैं कि पश्चिम एशिया के विभिन्न खाड़ी शहरों से भारतीयों को निकालने के लिए 58 विशेष उड़ानें संचालित करने की तैयारी की जा रही है।
पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर जमीनी हालात से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उड़ानों की संख्या कम होने के कारण कई एयरलाइंस किराए में भारी बढ़ोतरी कर रही हैं। राज्य सरकार ने इन रूटों पर किराया नियंत्रण लागू करने और अतिरिक्त राहत उड़ानें शुरू करने की मांग की है।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि खाड़ी देशों में फंसे सभी पंजाबी नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सहायता के लिए एनआरआई विंग की ओर से 24×7 कंट्रोल रूम नंबर 0172-2600042, 0172-2600043 और व्हाट्सएप नंबर 94787-79112 जारी किए गए हैं।
इधर, दुबई और जेद्दा जैसे शहरों में फंसे यात्रियों और छात्रों के परिवारों में राहत की उम्मीद जगी है। श्रीनगर और अन्य राज्यों से भी परिजन केंद्र सरकार से अपने बच्चों और परिजनों को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं।
पंजाब सरकार ने दोहराया है कि संकट की इस घड़ी में राज्य अपने नागरिकों के साथ खड़ा है और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी।


