पीयू के संस्कृत विभाग द्वारा वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में अन्तर्विश्वविद्यालयीय संस्कृत प्रतियोगिताओ का हुआ आयोजन
क्रॉसर: युवा प्रतिभाओं में संस्कृत के प्रति जागरूकता और अभिरुचि का विकास करने के लिए आयोजित हुई प्रतियोगिताए
Chandigarh, February 27, 2026
पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़ के संस्कृत विभाग द्वारा वार्षिकोत्सव (2025–26) के उपलक्ष्य में अन्तर्विश्वविद्यालयीय संस्कृत प्रतियोगितायो का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर चण्डीगढ़ तथा पंजाब राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने अत्यन्त उत्साह, ऊर्जा एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ सहभागिता की।
लगभग 100 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात विद्वान प्रो. वेदप्रकाश उपाध्याय जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने संस्कृत भाषा की गौरवशाली एवं समृद्ध परम्परा का उल्लेख करते हुए वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में उसकी प्रासंगिकता एवं उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत अध्ययन के माध्यम से भारतीय ज्ञान-परम्परा से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता देवी ने की। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायक मण्डल, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए संस्कृत विभाग की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
विभाग के प्रख्यात आचार्य डॉ. वी.के अलंकार जी ने छन्दशास्त्र विषय पर अत्यन्त रोचक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न छन्दों का सस्वर पाठ एवं गायन कर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे समस्त वातावरण सरस एवं आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत हो उठा।
निर्णायक मण्डल में डॉ. विजय भारद्वाज, डॉ. अलका (ईवनिंग विभाग) एवं अन्य विद्वान अध्यापकों ने निष्पक्ष एवं सूक्ष्म मूल्यांकन के उपरान्त विजेताओं का चयन किया।
संस्कृत निबंध लेखन प्रतियोगिता में मोहित शर्मा (पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़) ने प्रथम स्थान, आनन्दिता सिंह (एम.सी.एम. डी.ए.वी. कॉलेज) ने द्वितीय स्थान तथा शीतल (पंजाब विश्वविद्यालय) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में हरमनप्रीत कौर (जी.जी.सी.-11) ने प्रथम, आदित्य (एस.डी. कॉलेज, होशियारपुर) ने द्वितीय एवं कोमल शर्मा (धनवन्तरि कॉलेज-46, चण्डीगढ़) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार संस्कृत भाषण प्रतियोगिता में हितांश आर्य (जी.के.वी., करतारपुर) ने प्रथम, अभिनव शर्मा (पंजाब विश्वविद्यालय) ने द्वितीय तथा वैष्णौं (बी.एड. कॉलेज-20) ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विभाग के शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के सक्रिय सहयोग से सम्पन्न हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. तोमीर द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, निर्णायक मण्डल, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।


