Thursday, January 1, 2026
Homeपंजाबप्रदेश को विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की...

प्रदेश को विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की ओर अग्रसर डबल इंजन सरकार – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी  

प्रदेश को विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की ओर अग्रसर डबल इंजन सरकार – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

नव वर्ष में सरकार अंत्योदय के तीन मूल मंत्रों पर ध्यान केंद्रित कर करेगी कार्य

 

हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को तेजी से पूर्ण करवाना भी सरकार का लक्ष्य

 

चंडीगढ़, 1 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की ओर अग्रसर है। नव वर्ष में इस अभियान को नई गति देने का कार्य किया जाएगा। राज्य सरकार अंत्योदय उत्थान के साथ साथ इस नए वर्ष में अंत्योदय के तीन मूल लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित कर कार्य करेगी।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।

 

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का पहला लक्ष्य महिला सशक्तिकरण करने का है। इसमें दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से सभी पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। इस योजना के तहत अब तक 8 लाख महिलाओं को दो किस्तों में 250 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से आग्रह किया है कि इस योजना के तहत पात्र महिलाएं पंजीकरण कर इस योजना के साथ जुड़े और इसका लाभ उठाएं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का दूसरा लक्ष्य युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार प्रदान करना है। सरकार ने 2026 के लिए ड्रिवन रोड मैप तैयार किया है। इसके तहत गुरुग्राम और पंचकूला में हरियाणा एआई मिशन केंद्र स्थापित किए जाएंगे और इन केंद्रो में युवा भविष्य की तकनीक जैसे एआई, कुशल रोबोटिक में निपुण बन सकेंगे। सरकार इस पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज ही पुलिस विभाग के 5500 कांस्टेबल की भर्ती का विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रकृति के अनुकूल खेती करने का तीसरा लक्ष्य रखा है। इसके तहत धान के स्थान पर अन्य फसलें उगाने पर किसानों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। इस योजना के तहत एक लाख एकड़ भूमि को प्राकृतिक खेती के तहत लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी वर्ष में हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को तेजी से पूर्ण करवाना भी सरकार का लक्ष्य है। यह प्रोजेक्ट बेहतर कनेक्टिविटी के नए आयाम स्थापित करेगा, जिससे दिल्ली के चारों और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे ही कई नई परियोजनाओं को नए वर्ष में गति देने का काम करेगी।

 

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि क्षेत्र के समुचित विकास और बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने के लिए सरकार ने कुंजपुरा (करनाल), मतलौडा ( पानीपत) और शहजादपुर (अंबाला) को नगर पालिका का दर्जा दिया है।

 

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी अनुपमा, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक श्री पार्थ गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती वर्षा खांगवाल और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्यामल मिश्रा मुख्य सचिव ग्रेड में पदोन्नत

अन्य आईएएस अधिकारियों को भी मिली पदोन्नति

 

चंडीगढ़, 01 जनवरी – हरियाणा सरकार ने 1996 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री श्यामल मिश्रा को मुख्य सचिव ग्रेड (पे मैट्रिक्स के लेवल-17) में पदोन्नत किया है। पदोन्नति उपरांत श्री मिश्रा अपने वर्तमान पदभार एवं दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।

 

इसके अलावा, 2001 बैच के चार आईएएस अधिकारियों को हायर एडमिनिस्टेªटिव ग्रेड (पे मैट्रिक्स के लेवल-15) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति पाने वालों में श्री विजय सिंह दहिया और श्रीमती अमनीत पी. कुमार शामिल हैं। केन्द्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर होने के कारण श्री विकास गुप्ता और श्री पंकज यादव को परफाॅर्मा प्रमोशन दी गई है।

 

इसके प्रकार, 2010 बैच के पांच आईएएस अधिकारियों को सुपर टाइम स्केल (पे मैट्रिक्स लेवल-14) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति पाने वालों में श्री प्रभजोत सिंह, श्री राजनारायण कौशिक, श्री जितेन्द्र कुमार और श्रीमती हेमा शर्मा शामिल हैं। केन्द्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर होने के चलते डाॅ. गरिमा मित्तल को परफाॅर्मा प्रमोशन दी गई है।

 

साथ ही, 2013 बैच के आठ आईएएस अधिकारियों को सिलेक्शन ग्रेड (पे मैट्रिक्स लेवल-13) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति पाने वालों में श्री पार्थ गुप्ता, श्री अजय कुमार, श्री प्रदीप दहिया, श्रीमती संगीता तेतरवाल, श्रीमती मनदीप कौर, श्रीमती प्रतिमा चैधरी और श्री वीरेन्द्र कुमार दहिया शामिल हैं। केन्द्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर होने के चलते श्री निशांत कुमार यादव को परफाॅर्मा प्रमोशन दी गई है।

 

इसके अलावा, 2017 बैच के नौ आईएएस अधिकारियों को जूनियर एडमिनिस्टेªटिव ग्रेड (पे मैट्रिक्स लेवल-12) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति पाने वालों में श्री विश्राम कुमार मीणा, श्री स्वप्निल रविन्द्र पाटिल, श्री साहिल गुप्ता, डाॅ. वैशाली शर्मा, श्री महाबीर प्रसाद, श्री महेन्द्रपाल, श्री सतपाल शर्मा, श्री अमर दीप सिंह और श्री सुशील कुमार शामिल हैं।

 

साथ ही, 2022 बैच के सात आईएएस अधिकारियों को सीनियर टाइम स्केल (पे मैट्रिक्स के लेवल-11) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नत किए गए अधिकारियों में श्री अंकित कुमार चैकसे, श्रीमती अंजली श्रोत्रिया, श्री अर्पित सांगल, सुश्री ज्योति, डॉ. राहुल, श्री शाश्वत सांगवान तथा श्री उत्सव आनंद शामिल हैं।

 

 

नव वर्ष पर फरीदाबाद को बड़ी सौगात, कृष्ण पाल गुर्जर ने ‘हॉस्पिटल ऑन व्हील्स’ को दिखाई हरी झंडी

 

एक्स-रे, लैब टेस्ट, ईएनटी जांच सहित दर्जनों सुविधाओं से लैस है हॉस्पिटल ऑन व्हील्स

 

उद्योगों में जाकर मजदूरों की होगी स्वास्थ्य जांच, समय और खर्च दोनों की होगी बचत : कृष्ण पाल गुर्जर

 

चंडीगढ़, 01 जनवरी — केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने नव वर्ष के आगमन पर वीरवार को फरीदाबाद में सेक्टर-28 स्थित अपने कार्यालय परिसर से “हॉस्पिटल ऑन व्हील्स” दो अत्याधुनिक चिकित्सा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल ऑन व्हील्स के माध्यम से उन क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी, जहां अस्पतालों की पहुंच सीमित है। इन बसों में प्राथमिक उपचार, जांच सुविधाएं तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे, जिससे आम नागरिकों को घर के नजदीक स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। यह हरियाणा का पहला “हॉस्पिटल ऑन व्हील्स” है, जो पूरी तरह आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। यह मोबाइल मेडिकल वैन एक चलते-फिरते अस्पताल के रूप में कार्य करेगी।

 

 

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि इस वैन में एयर कंडीशनिंग, जनरेटर, एक्स-रे मशीन, लैब टेस्टिंग की सुविधा, ब्लड टेस्ट, ईएनटी जांच सहित दर्जनों प्रकार की आवश्यक चिकित्सीय जांच की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अत्याधुनिक वैन के माध्यम से मजदूरों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस पहल का सबसे बड़ा लाभ उन श्रमिकों को मिलेगा, जो दिन-रात औद्योगिक इकाइयों में कड़ी मेहनत करते हैं और समय के अभाव में अस्पताल जाकर नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। अब अस्पताल स्वयं मजदूरों के पास पहुंचेगा। यह मोबाइल मेडिकल वैन उद्योगों में जाकर वहीं पर श्रमिकों की जांच करेगी और उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के नागरिकों, विशेषकर गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी सोच के साथ देश की सबसे बड़ी बुनियादी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू किया गया, जिसके तहत आज देश के लगभग 70 करोड़ नागरिक हर वर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर रहे हैं। यह योजना न केवल इलाज का खर्च उठाती है, बल्कि गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के समय आर्थिक संकट से भी बचाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता भी इसका अहम हिस्सा है।

 

 

हरियाणा सरकार ने राजकीय महाविद्यालय बौंद कलां का नाम बदलने को दी मंजूरी-शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

 

चंडीगढ़, 1 जनवरी- हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने जिला चरखी दादरी के राजकीय महाविद्यालय बौंद कलां का नाम परिवर्तित कर अमर शहीद सूबेदार बनवारी सिंह राजकीय महाविद्यालय बौंद कलां करने को औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। यह निर्णय उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति के बाद लिया गया है।

शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि शहीद सूबेदार बनवारी सिंह 14 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन कैक्टस लीली) के दौरान राजपूत रेजिमेंट में रहते हुए शहीद हुए थे।

उन्होंने कहा कि यह बदलाव न केवल शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध करेगा, बल्कि विद्यार्थियों को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर भी प्रदान करेगा।

 

 

वरिष्ठ नागरिकों और संस्थाओं को राज्य पुरस्कार से सम्मानित करेगी हरियाणा सरकार

 

संस्थागत श्रेणियों में एक लाख रुपये व व्यक्तिगत श्रेणियों में 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार

 

चण्डीगढ़, 1 जनवरी – हरियाणा सरकार बुजुर्गों को मान-सम्मान देने और समाज निर्माण में उनके अनुभव का लाभ उठाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

हरियाणा सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एव पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अन्त्योदय (सेवा) विभाग के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना समाज सेवा, कला, खेल और बहादुरी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुजुर्गों को एक नई पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों जैसे शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता, शौर्य और बहादुरी, आजीवन उपलब्धि के साथ-साथ वरिष्ठ पेंटर, मूर्तिकार, संगीतकार और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, श्रेष्ठ पंचायत पुरस्कार, श्रेष्ठ स्वैच्छिक संगठन पुरस्कार, श्रेष्ठ वृद्धाश्रम और श्रेष्ठ दैनिक देखभाल केन्द्र को भी पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में कला और खेल श्रेणियों के लिए प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 20,000 रुपये निर्धारित है। इसी प्रकार, संस्थागत श्रेणियों (जैसे श्रेष्ठ पंचायत और एनजीओ) के लिए प्रथम पुरस्कार 1,00,000 रुपये, द्वितीय 75,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 50,000 रुपये प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपनी उपलब्धियों के प्रमाण पत्र और दस्तावेजों सहित विभाग के पोर्टल https://award.socialjusticehry-gov.in  पर 12 जनवरी, 2026 की रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों या संस्थाओं ने पिछले तीन वर्षों के दौरान यह पुरस्कार प्राप्त किया है, वे उसी श्रेणी में दोबारा आवेदन के पात्र नहीं होंगे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments