भगवंत सिंह मान सरकार के विरुद्ध बोलने के लिए विरोधियों के पास नहीं बचा कोई मुद्दा : कुलवंत सिंह
मोहाली में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत रोज़ाना एक हज़ार से अधिक पंजीकरण
साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 2 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा पंजाब में शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना को सही मायनों में लागू करने के उद्देश्य से मोहाली विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में मशीनों के माध्यम से पंजीकरण का कार्य बड़े स्तर पर आरंभ हो चुका है। इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड की चेयरपर्सन इंजीनियर प्रभजोत कौर भी उपस्थित रहीं।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के बारे में अब विरोधियों को भी यह स्पष्ट हो चुका है कि वे जो भी कहते हैं और जनता से जो भी वादे करते हैं, उन्हें शीघ्रता से धरातल पर उतारा जाता है। यह बात पंजाब की जनता ने पिछले चार वर्षों में स्वयं देखी है।
उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में सरकारी अस्पतालों को अपग्रेड किया गया है तथा बड़ी संख्या में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती की गई है। इसके साथ ही 1000 से अधिक मोहल्ला क्लीनिक खोले गए हैं, जहां प्रतिदिन लाखों मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि अब विरोधियों के पास बोलने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे बिना वजह बयानबाजी कर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब में समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। बिजली के बिल माफ किए गए हैं, बिना किसी भेदभाव के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार दिया गया है और मोहल्ला क्लीनिकों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत की गई हैं।
उन्होंने आगे बताया कि अब राज्य सरकार द्वारा जनता के लिए 10 लाख रुपये की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना शुरू की गई है। मोहाली विधानसभा क्षेत्र के सी.एस.सी. केंद्रों में प्रतिदिन एक हजार से अधिक पंजीकरण किए जा रहे हैं।
विधायक ने लोगों से अपील की कि पंजीकरण को लेकर घबराने या हड़बड़ी करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि चरणबद्ध तरीके से सभी का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सी.एस.सी. केंद्रों के अलावा पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के सदस्य, पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी घर-घर जाकर भी पंजीकरण का कार्य करेंगे। पंजीकरण कराने वाले लोग अपने परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड और वोटर कार्ड साथ लेकर आएं।
इस अवसर पर आप नेता कुलदीप सिंह समाणा, राजिंदर प्रसाद शर्मा, पूर्व पार्षद जगदेव शर्मा, गुरप्रीत सिंह बैंस, अकविंदर सिंह गोसल और जसपाल सिंह मटौर भी उपस्थित थे।


