Tuesday, August 5, 2025
Homeहरियाणामुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जुलाना विधानसभावासियों को दी करोड़ों रुपये की...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जुलाना विधानसभावासियों को दी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जुलाना विधानसभावासियों को दी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

 

जुलाना में 30 करोड़ रुपये की लागत से उपमंडल कॉम्प्लेक्स का होगा निर्माण  

 

पेयजल व जलापूर्ति योजनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये की घोषणा

 

गांव मालवी में बनेगा आयुर्वेदिक अस्पताल, चार गांवों में 2.20 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे उप स्वास्थ्य केंद्र

 हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जुलाना विधानसभावासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने जुलाना में 30 करोड़ रुपये की लागत से उपमंडल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवाने की घोषणा की। साथ ही, जुलाना विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न गांवों में माइनरों के पुनर्निर्माण से संबंधित कुल 9 कार्यों के लिए 15.71 करोड़ रुपये की घोषणा की। पेयजल व जलापूर्ति योजनाओं के लिए भी मुख्यमंत्री ने कुल 12 कार्यों के लिए 25 करोड़ रुपये की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं आज जुलाना विधानसभा के गांव नन्दगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उपस्थित रही।

श्री नायब सिंह सैनी ने बराहकलां गांव में पशु अस्पताल भवन के लिए 31 लाख रुपये, जुलाना विधानसभा के चार गांवों- शादीपुर, रामगढ़, कर्मगढ़ और रूपगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 60 लाख रुपये तथा गांव मालवी में आयुर्वेदिक अस्पताल के निर्माण के लिए 67.90 लाख रुपये की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि गांव खरैंटी में 33 केवी सबस्टेशन की क्षमता बढ़ाई जाएगी। जुलाना विधानसभा में स्कूलों की मरम्मत करवाई जाएगी। उन्होंने बुआना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पार्किंग शेड के निर्माण के लिए 20.25 लाख रुपये तथा देवगढ़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चारदीवारी और प्रांगण को पक्का बनाने के लिए 71.59 लाख रुपये की घोषणा की।

चार गांवों में 2.20 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे उपस्वास्थ्य केंद्र

मुख्यमंत्री ने बराहकलां में पीने के पानी के लिए पाइप लाइन बिछाने हेतु 1.25 करोड़ रुपये के अलावा, रामराय कलां में तीर्थ तालाब की रिटेनिंग वॉल के लिए 1.50 करोड़ रुपये की घोषणा की। जुलाना विधानसभा के चार गांवों – बरारखेड़ा, नन्दगढ़, अनूपगढ़ और बराहकलां में भूमि उपलब्‍ध होने पर 2.20 करोड़ रुपये की लागत से उपस्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवगढ़ माइनर पर पुराने खालों को पक्का करने की फिजिबिलिटी चेक करवा कर इसे भी पूरा किया जाएगा। साथ ही, जुलाना – बड़छप्पर रोड़ पर आरसीसी की फिजिबिलिटी चेक करके इस पूरा करवाने का काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव देवगढ़ का राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज रकबे को बीसवा और बीघे से कनाल और मरला में बदला ‌जाएगा। गांव नंदगढ़ तथा जुलाना में खेल स्टेडियमों का सुदृढ़ीकरण व नवीनीकरण किया जाएगा। जुलाना नगरपालिका के भवन का भी निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने जुलाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांवों में सामुदायिक भवनों के लिए 5 करोड़ रुपये तथा जुलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये की घोषणा की।

कार्यक्रम से पहले, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 16 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत की 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 5 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत की 5 परियोजनाओं का उद्घाटन व 11 करोड़ 59 लाख रुपये की 3 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री  कृष्ण कुमार बेदी, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, विधायक श्री रामकुमार गौतम, श्री देवेंद्र अत्री, श्री रणधीर पनिहार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

खेल राज्य मंत्री ने विभिन्न खेलों के कोचों के लिए 3.66 करोड़ रुपये के कैश अवार्ड के आदेश किए पारित, जल्द मिलेगा अवार्ड

प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों की सुविधा देने के लिए है प्रतिबद्ध

 हरियाणा के खेल राज्य मंत्री  गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति देश में सबसे बेहतरीन है। इसी का परिणाम है कि हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सबसे ज्यादा पदक जीत कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। इन खिलाड़ियों को तैयार करने में कोचों का विशेष योगदान होता है। सरकार कोचों का पूरा मान सम्मान करती है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों के 31 कोचों के लिए 3.66 करोड़ रुपये के कैश अवार्ड पारित कर दिए हैं। इन्हें जल्द ही अवार्ड की राशि मिल जाएगी। अन्य कोचों और खिलाड़ियों को भी जल्द ही कैश अवार्ड दिए जाएंगे।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश के कोचों का आह्वान किया है कि वो और लगन व मेहनत से खिलाड़ियों का अभ्यास करवाएं, ताकि खिलाड़ी देश के लिए और पदक जीत सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में 4 पैरा एशियन गेम्स 2022 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए कैश अवार्ड की करीब 32 करोड़ रुपए की जारी राशि की है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 7 करोड़, रजत पदक वाले को 5 करोड़ और कांस्य पदक वाले खिलाड़ी को 3 करोड रुपए का अवार्ड दिया जाता है। इसी तरह से खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए नौकरियों में तीन प्रतिशत कोटा भी दिया जाता है।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि खिलाड़ियों के लिए ज्यादा से ज्यादा खेल के मैदान, अनुभवी कोच और बेहतर खेल की सामग्री मुहैया करवाना है। सरकार इस दिशा में तेज गति से काम भी कर रही है। इसका फायदा हमारे खिलाड़ियों को बखूबी मिल भी रहा है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया है कि वे नशे से दूर रह कर खेलों में भाग लें और पदक जीत कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।

 

सरकार का चिकित्सकों की भर्ती पर विशेष फोकस: आरती सिंह राव

अटेली के तिगरा, बजाड़, बिहाली व मोहलड़ा गांवों में बनाए जाएंगे उप-स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन

हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में चिकित्सकों की कमी को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार चिकित्सकों की भर्ती पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है और इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से लगातार भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने यह बात आज अटेली विधानसभा क्षेत्र के खेड़ी व नावदी गांवों के में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्बोधित करते हुए कही।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार चिकित्सकों की नई भर्तियां कर रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और जल्द हो ताकि योग्य चिकित्सक जल्द से जल्द अपनी सेवाएं देना शुरू कर सकें।

उन्होंने ग्राम पंचायत कांटी के भवन में चल रही पीएचसी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसकी मंजूरी आ चुकी है। अब यह जमीन स्वास्थ्य विभाग के नाम हो चुकी है। अगले सप्ताह में निशानदेही करवाकर चीफ आर्किटेक्ट के पास फाइल जाएगी। वे खुद लगातार इस मामले को नजदीक से देख रही हैं।

इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत अटेली खंड के तिगरा, बजाड़, बिहाली और मोहलड़ा गांवों में उप-स्वास्थ्य केंद्र के लिए नए भवन बनाए जाएंगे। ये उप-स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करेंगे। इन गांवों के लोगों को अपने घर के करीब ही बुनियादी स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, गर्भावस्था से संबंधित देखभाल और सामान्य बीमारियों के लिए इलाज जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उन्हें दूर के बड़े अस्पतालों या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की जरूरत कम पड़ेगी।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने खेड़ी गांव की पंचायत को विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपए की धन राशि देने की घोषणा की। वहीं खेड़ी गांव में ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान के तहत स्वास्थ्य मंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बना चौथी आर्थिक महाशक्ति- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

पूर्ववर्ती सरकारों का देश के विकास के लिए नहीं था कोई स्पष्ट एजेंडा 

 

विकसित भारत के संकल्प में दिल्ली और हरियाणा निभाएंगे अहम भूमिका – दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के सिद्धांत और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक विकसित राष्ट्र की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है। 2014 के बाद भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाते हुए केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढेगा।

मुख्यमंत्री आज जिला जींद में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने अग्रसेन धर्मशाला का उद्घाटन तथा नंदी एवं कामधेनु गौशाला का भूमि पूजन किया। उन्होंने धर्मशाला के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक सशक्त पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री का यह दृढ़ विश्वास रहा है कि भारत एक दिन आर्थिक महाशक्ति बनेगा, और आज हम गर्व से कह सकते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गई है, विकास की यह यात्रा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही संभव हो सकी है और आने वाले समय में निश्चित तौर पर भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

पूर्ववर्ती सरकारों का देश के विकास के लिए नहीं था कोई स्पष्ट एजेंडा

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों के पास देश के विकास का कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं था, वे कुछ और ही एजेंडे पर काम करते थे। जबकि आज की सरकार का एकमात्र लक्ष्य 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान करेगा।

महाराजा अग्रसेन को नमन करते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अग्रसेन धर्मशाला का निर्माण केवल सीमेंट-कंकरीट से बनी एक इमारत नहीं है, यह महाराजा अग्रसेन जी के उन महान आदर्शों और सिद्धांतों का जीता-जागता प्रतीक है, जिन्होंने हजारों वर्ष पूर्व समाज को एक नई दिशा दी थी। महाराजा अग्रसेन जी धर्म, सेवा व समरसता के सच्चे ध्वजवाहक थे। उन्होने ‘एक ईंट और एक रुपया’ का जो सिद्धांत दिया, वह समाजवाद और सामाजिक समरसता का दुनिया का सबसे पहला और सबसे सफल सूत्र था। उन्होंने सिखाया कि समाज किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि सबके सहयोग और सबके साथ से बनता है। उन्होंने हमें सिखाया कि समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति की चिंता करना ही सच्चा राजधर्म है।

उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला सर्व समाज की धरोहर है और यह सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगी। उन्होंने अग्रवाल समाज के सभी दानदाताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ता को साधुवाद देते हुए कहा कि आपकी यह सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा के साथ जुड़कर  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जनसेवा का कार्य कर रही

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की बेटी, श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद आज पहली बार अपने जन्म दिवस के अवसर पर अपने पैतृक गांव नंदगढ़ आई हैं, वे पूरे हरियाणावासियों की ओर से उन्हें जन्म दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्रीमती रेखा गुप्ता साधारण परिवार से संबंध रखती हैं, और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा के साथ जुड़कर जनसेवा का कार्य कर रही हैं। उनका पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा है और राष्ट्र के लिए इन्होंने लगातार काम किया है। श्रीमती रेखा गुप्ता की सोच, उनकी नीति और नियत यही है कि दिल्ली विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ‘विकसित भारत’ की यात्रा में हरियाणा और दिल्ली सरकारें मजबूती से आगे बढ़ेंगी।

विकसित भारत के संकल्प में दिल्ली और हरियाणा निभाएंगे अहम भूमिका – मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली उनकी कर्मभूमि है और हरियाणा उनकी जन्मभूमि। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा सौंपे गए उत्तरदायित्व का वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी और नागरिकों की सेवा में 24 घंटे कार्य करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की दिशा में दिल्ली और हरियाणा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री के नेतृत्व का परिणाम है कि आज दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों के शीर्ष पदों पर साधारण परिवारों से आने वाले लोग दायित्व निभा रहे हैं और समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं।

श्रीमती रेखा गुप्ता ने उनके जुलानावासियों को सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक श्री रामकुमार गौतम, श्री रणधीर पनिहार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मोहन लाल कौशिक सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments