विश्वास फाउंडेशन ने चंडीगढ़ के विकास नगर हल्लोमाजरा रोड़ के आसपास ट्री गार्ड के साथ रोपे 50 पौधे
विश्वास फाउंडेशन पंचकूला द्वारा गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से व मनीमाजरा के पर्यावरण प्रेमी श्री तरसेम गोयल जी के सहयोग से चंडीगढ़ के विकास नगर हल्लोमाजरा रोड़ के आसपास ट्री गार्ड के साथ 50 पौधे रोपे। पौधारोपण की शुरुआत सुबह 6:30 बजे भारी बरसात में संस्था की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने पौधा लगाकर की। इनमें 3 तरह की किसम के पौधे रोपे गए जैसे कि गुलमोहर, जंगली नीम व् पीपल ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को फायदा मिल सके।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि प्रत्येक वर्ष फाउंडेशन द्वारा 5000 पौधे लगाये व बांटे जाते हैं। मकसद हरियाली के प्रति समाज में जागरुकता बढ़ाना और पर्यावरण संतुलन में योगदान देना है। इससे प्रदूषण कम करने में तो मदद मिलेगी ही, वातावरण में आक्सीज़न की मात्रा भी बढ़ेगी। इसके पीछे सोच यही है कि हरियाली को बढ़ावा देने के लिए समाज में जागरुकता लाई जाए। अधिक से अधिक पेड़ लगाने से प्रदूषित हवा से छुटकारा पाने में मदद मिलेगी। उन्होंने शहर वासियो से हर एक व्यक्ति को एक एक पौधा लगाने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण बहुत ज़रूरी है, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो हम भी सुरक्षित रहेंगे। पेड़ प्रकृति की अनुपम देन है। यह देश की बहुमूल्य संपदा होते हैं, जहां पर पेड़ अधिक मात्रा में होते हैं वहां की जलवायु स्वच्छ होती है। जब तक पृथ्वी पर पेड़ों का अस्तित्व है तब तक ही मानव सभ्यता का अस्तित्व है। इसलिए हमें पेड़ों की सुरक्षा करनी होगी। पेड़-पौधे, पशु-पक्षी व जल जंगल की सुरक्षा से ही धरती पर मानव जीवन का अस्तित्व है। पेड़-पौधों के बिना सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती। हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाना चाहिए। इस पौधरोपण के सेवा में विश्वास फाउंडेशन के कई अनुयाई मौजूद रहे।