सिख विरोधी टिप्पणी पर मलविंदर कंग का कांग्रेस पर बड़ा हमला
✍️ News Written by Priyanka Thakur
चंडीगढ़, 6 दिसंबर
AAP सांसद मलविंदर सिंह कंग ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत द्वारा सिख समुदाय पर की गई अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। कंग ने कहा कि रावत की “12 बजे” वाली टिप्पणी कांग्रेस की सिख विरोधी मानसिकता को फिर सामने लाती है।
कंग ने कहा कि कांग्रेस का सिखों को नीचा दिखाने का इतिहास रहा है। चाहे ऐतिहासिक गुरुद्वारों पर हमले हों, 1984 की त्रासदी हो या हाल ही की घटना जहां कांग्रेस नेताओं ने गुरु तेग बहादुर साहिब की तस्वीर के ऊपर अपनी तस्वीरें लगा दीं — यह सब सिख भावनाओं का लगातार अपमान है।
सांसद कंग ने “12 बजे” से जुड़े इतिहास की भी याद दिलाई। उन्होंने बताया कि सिख योद्धा अब्दाली जैसे हमलावरों से हिंदू बेटियों को बचाने के लिए आधी रात को भी युद्ध के लिए निकल पड़ते थे। यह वीरता का प्रतीक है, मजाक नहीं।
उन्होंने कहा कि आज हम गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ मना रहे हैं, ऐसे समय में सिखों पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।
कंग ने मांग की कि राहुल गांधी, राजा वड़िंग और प्रताप बाजवा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही हरक सिंह रावत को तुरंत कांग्रेस से निकाला जाए।
उन्होंने कहा कि पंजाब और सिख समुदाय इस अपमान को कभी नहीं भूलेगा और समय आने पर जवाब देगा।


