News Written by Priyanka Thakur | Published on 24ghantenews.com
अमृतसर/चंडीगढ़, 8 दिसंबर
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धलीवाल ने कहा कि पंजाब में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए जनता का रुझान स्पष्ट रूप से विकास के पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पिछले पौने चार वर्षों में हुए ऐतिहासिक कार्यों का असर इन चुनावों में भी देखने को मिल रहा है।
धलीवाल ने बताया कि ग्रामीण पंजाब में मार्च में शुरू हुए ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान ने बड़ी सफलता हासिल की है। लगभग 6000 गाँव इस मुहिम से जुड़े हैं, जिनमें से 50 प्रतिशत से ज्यादा गाँव नशा मुक्त घोषित हो चुके हैं। 1000 से अधिक गाँव पूरी तरह नशे से मुक्त हैं।
युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने गाँवों में 3100 स्टेडियम बनाने का लक्ष्य रखा है। हर हलके में 30 से 35 स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को नशे से दूर रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली से पंजाब के 90 प्रतिशत परिवारों के बिल शून्य आ रहे हैं, जिसके चलते लोगों को 5-6 हजार रुपये तक की मासिक बचत हो रही है।
धलीवाल के अनुसार, 44,000 किलोमीटर लिंक रोड निर्माण और मोहल्ला क्लीनिक जैसे कदमों ने ग्रामीण जीवन में बड़े बदलाव किए हैं। 25 वर्षों से पानी के संकट झेल रहे क्षेत्रों तक नहरी पानी पहुँचाकर भूजल स्तर को भी सुधारा गया है।
धलीवाल ने विश्वास जताया कि 14 दिसंबर को लोग विकास के पक्ष में मतदान करेंगे और आप पार्टी को बड़ी जीत दिलाएँगे।


