पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने एक टीवी इंटरव्यू में पार्टी के चार वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों के बाद पार्टी ने उन्हें तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया।
डॉ. सिद्धू के अनुसार, पंजाब कांग्रेस के चार दिग्गज नेता केवल मुख्यमंत्री पद की होड़ में लगे हैं और इसी गुटबाजी की वजह से पार्टी चुनावों में पिछड़ रही है। उन्होंने सुखजिंदर सिंह रंधावा पर गैंगस्टरों से संबंध का आरोप लगाया, वहीं चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा पर भी राजनीतिक महत्त्वाकांक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ नेता बीजेपी और आम आदमी पार्टी से गुप्त रूप से नजदीकी बनाए हुए हैं।
तरनतारन उपचुनाव को लेकर भी उन्होंने टिकट बेचने का आरोप लगाया और दावा किया कि टिकट के बदले 3 से 5 करोड़ रुपये तक की डील हुई थी। हालांकि करनबीर सिंह बुर्ज ने इन आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है।
डॉ. सिद्धू ने कहा कि यदि पार्टी इन कुछ चेहरों से मुक्त हो जाए तो पंजाब में कांग्रेस आसानी से चुनाव जीत सकती है। उन्होंने दावा किया कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू केवल प्रियंका गांधी के संपर्क में रहते हैं और किसी अन्य पार्टी से कोई वार्ता नहीं कर रहे।


