चंडीगढ़ — आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने वीर बाल दिवस के नाम को लेकर चल रहे विवाद पर शिरोमणि अकाली दल पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पन्नू ने कहा कि अकाली दल आज जिस नाम का विरोध कर रहा है, उसी नाम का समर्थन उसके शीर्ष नेताओं ने अतीत में किया था।
पन्नू ने कहा कि जब वीर बाल दिवस की शुरुआत हुई थी, तब कई सांसदों ने इसके समर्थन में दस्तखत किए थे, जिनमें सुखबीर सिंह बादल और हरसिमरत कौर बादल भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड यह साबित करते हैं कि अकाली दल ने पहले समर्थन किया और अब राजनीतिक लाभ के लिए उसी मुद्दे से पीछे हट रहा है। इसे उन्होंने अकाली दल की पुरानी राजनीतिक प्रवृत्ति करार दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी साहिबजादों को केवल बाल नहीं मानती, बल्कि उन्हें बाबाओं के रूप में सम्मान देती है और “निक्कीआं जिंदां, वड्डे साके” के प्रतीक के रूप में स्मरण करती है। पन्नू ने कहा कि ‘आप’ सांसदों ने इस विषय को संसद और सार्वजनिक मंचों पर गंभीरता से उठाया है।
एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पन्नू ने कहा कि अगर एसजीपीसी में रोजाना 10-20 घोटाले हो रहे हैं, तो अध्यक्ष को इन आरोपों पर स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि ये घोटाले किस प्रकार के हैं और उनकी जिम्मेदारी किसकी है।
गुरु ग्रंथ साहिब के 328 स्वरूपों के मामले में पन्नू ने कहा कि एसजीपीसी को जांच के लिए गठित एसआईटी का पूरा सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाओं को राजनीतिक बयानबाजी से दूर रहकर संगत और कानून के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।


