पंजाब में शीतलहर और घने कोहरे का कहर, तापमान सामान्य से नीचे; बारिश का अलर्ट जारी
पंजाब में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को मोगा, फगवाड़ा, जालंधर, लुधियाना समेत लगभग सभी शहर घने कोहरे की चपेट में रहे। बीते 24 घंटों में तापमान में 2.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे पहुंच गया है। एसबीएस नगर 2.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर अमृतसर में देखने को मिला, जहां दृश्यता शून्य दर्ज की गई। खराब दृश्यता के चलते गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं। इसके अलावा पठानकोट, आदमपुर और हलवारा में भी दृश्यता शून्य रही। गुरदासपुर और लुधियाना में दृश्यता 10 मीटर, पटियाला में 20 मीटर, बठिंडा में 50 मीटर और एसबीएस नगर में 20 से 30 मीटर के बीच दर्ज की गई।
जालंधर के मिलाप चौक क्षेत्र में कड़ाके की ठंड के कारण एक बेघर व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रशासन की ओर से रैन बसेरों की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से यह घटना हुई।
मौसम विभाग ने बुधवार से पंजाब के 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने आगामी दिनों में बेहद घने कोहरे की चेतावनी भी दी है।
न्यूज़ लिखी: प्रियंका ठाकुर


