Thursday, February 19, 2026
Homeहरियाणासमाधान शिविरों को लेकर सीएम नायब सैनी सख्त, जनता तक जानकारी पहुंचाने...

समाधान शिविरों को लेकर सीएम नायब सैनी सख्त, जनता तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश

चंडीगढ़, 2 जनवरी।

समाधान शिविरों को लेकर सीएम नायब सैनी सख्त, जनता तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाधान शिविरों की जानकारी विभिन्न माध्यमों से आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याएं दर्ज करवा सकें और उनका समयबद्ध समाधान हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिविरों के आयोजन का दिन, समय और स्थान स्पष्ट रूप से प्रचारित किया जाए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ये निर्देश चंडीगढ़ में आयोजित समाधान शिविरों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में सभी जिला उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को जिला उपायुक्त अपनी स्पष्ट टिप्पणी के साथ आगे भेजें और जब तक किसी शिकायत का पूर्ण समाधान नहीं हो जाता, उसे जिला स्तर पर पेंडिंग रखा जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि जुलाई 2025 से दिसंबर 2025 तक बीते छह महीनों में प्रदेशभर में 17,699 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने तय समय सीमा में शिकायतों के निपटारे की सराहना करते हुए अधिकारियों को भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिला उपायुक्त और उप-मंडल अधिकारी (नागरिक) कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार और वीरवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि समाधान शिविर सुशासन और जनसेवा का अहम माध्यम हैं।

— Priyanka Thakur

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments