लुधियाना, 1 फरवरी 2026:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन के उद्घाटन अवसर पर भारत सरकार से एक बार फिर मांग की कि इस हवाई अड्डे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जाए। उन्होंने इसे देश के सबसे युवा क्रांतिकारियों में से एक को दी जाने वाली सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा ने मात्र 19 वर्ष की आयु में देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उनका बलिदान न केवल गदर आंदोलन की प्रेरणा बना, बल्कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारी भी उन्हें अपना आदर्श मानते थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हवाई अड्डे के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब तेजी से उस दिशा में बढ़ रहा है, जहां राज्य के सभी हवाई अड्डों के नाम गुरुओं और शहीदों के नाम पर होंगे, जिससे आधुनिक बुनियादी ढांचा पंजाब की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ सकेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि हलवारा हवाई अड्डे का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जाता है, तो पंजाब के दो हवाई अड्डे गुरुओं और दो शहीदों के नाम पर होंगे। उन्होंने गुरु रविदास के प्रकाश पर्व पर जनता को बधाई भी दी और आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास महाराज के नाम पर रखे जाने को गर्व का विषय बताया।
हलवारा हवाई अड्डे के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर यहां से हवाई कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएगी।


