चंडीगढ़, 7 फरवरी 2026:
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नीतियों के कारण राज्य के 37,000 खिलाड़ी बिना डाइट मैदान में अभ्यास करने को मजबूर हैं, क्योंकि सरकार ने पिछले एक साल से उनका डाइट भत्ता जारी नहीं किया है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा खेलों की धरती रहा है और देश को ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में मेडल दिलाने वाले अधिकांश खिलाड़ी यहीं से निकले हैं, लेकिन आज वही खिलाड़ी अपने हक और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या खिलाड़ियों की मेहनत सिर्फ चुनावी मंचों तक सीमित है?
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 1500 खेल नर्सरियों में 37,000 खिलाड़ियों को पिछले 10 महीनों से डाइट का पैसा नहीं मिला है, वहीं कोचों को भी वेतन नहीं दिया गया। सरकार दो महीने के लिए खेल नर्सरियों को बंद कर रही है, जिससे खिलाड़ियों की तैयारी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम खिलाड़ियों को खेल से दूर और नशे की ओर धकेलने जैसा है।
अनुराग ढांडा ने बुढ़ापा पेंशन को लेकर भी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि हरियाणा में 75,000 से अधिक बुज़ुर्गों की पेंशन बंद कर दी गई है। किसानों की फसल की बिक्री को आय बताकर पेंशन रोकी जा रही है, जबकि खेती में लागत इतनी अधिक होती है कि किसान मुश्किल से परिवार चला पाता है।
उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन का उद्देश्य बुज़ुर्गों को सम्मानजनक जीवन देना है, लेकिन सरकार उनसे यह अधिकार छीन रही है। अनुराग ढांडा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द डाइट भत्ता जारी नहीं किया और बुढ़ापा पेंशन बहाल नहीं की, तो जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।


