चंडीगढ़, 8 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशानुसार पंजाब सरकार ने राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने की दिशा में एक और सख्त कदम उठाया है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम को तेज करते हुए पंजाब पुलिस ने 72 घंटे का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ शुरू किया है। इस अभियान का लक्ष्य वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई करना है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि यह अभियान सोमवार से बुधवार तक चलेगा और इसकी निगरानी पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सीपी और एसएसपी को अपने-अपने जिलों में पुलिस की मजबूत मौजूदगी सुनिश्चित करने और गंभीर अपराध संभावित इलाकों का व्यक्तिगत दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी ने बताया कि पिछले 20 दिनों में पंजाब पुलिस ने 17,603 छापेमारी कर 5,290 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें गैंगस्टर, उनके सहयोगी और अन्य वांछित अपराधी शामिल हैं। इस दौरान 128 हथियार भी बरामद किए गए, जबकि 2,973 लोगों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में की जा रही है और केवल उन्हीं लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है जो आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। राज्यभर में 24 घंटे सक्रिय नाकों को और मजबूत किया जा रहा है तथा किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत सीलिंग योजना लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ‘नशों के खिलाफ युद्ध’ अभियान के तहत अब तक 48,167 नशा तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ तथा 15.91 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। उन्होंने जनता से अपील की कि गैंगस्टरों या अपराधियों की सूचना एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन पर साझा करें।


