चंडीगढ़, 9 फरवरी:
दलित और मेहनतकश वर्ग का मजाक उड़ाने वाली टिप्पणी के विरोध में आम आदमी पार्टी पंजाब ने सोमवार को कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, चेयरमैनों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के आवास के बाहर बैंड-बाजे के साथ प्रदर्शन कर कांग्रेस की मानसिकता के खिलाफ रोष जताया।
इस प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ अपनी पत्नी सुरिंदर कौर के साथ शामिल हुए। उनके साथ वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलबीर सिंह, मोहिंदर भगत, डॉ रवजोत, विधायक शैरी कलसी, कुलजीत रंधावा, इंद्रवीर सिंह निज्जर, नीना मित्तल, लाभ सिंह उगोके, चेतन जोड़ेमाजरा, इंदरजीत कौर, चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट और सनी सिंह अहलूवालिया सहित बड़ी संख्या में AAP नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा, जोबन रंधावा के नेतृत्व में गुरदासपुर के कादियां में भी बाजवा के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा, जिसमें कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि उनके पिता को “बैंड मास्टर” कहकर कांग्रेस ने पूरे दलित और मेहनतकश समाज का अपमान किया है। सुरिंदर कौर ने इसे कांग्रेस की अहंकारी और दलित विरोधी सोच का प्रतीक बताया।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि AAP ने राजनीति से परिवारवाद को खत्म कर आम घरों के युवाओं को पहचान दी है, जबकि कांग्रेस आज भी सामंती सोच से बाहर नहीं निकल पाई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलबीर सिंह और विधायक शैरी कलसी ने कहा कि कांग्रेस की दलित विरोधी मानसिकता को पंजाब की जनता 2027 में करारा जवाब देगी।


