आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा शुरू की गई नशा विरोधी यात्रा को महज दिखावा करार दिया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के सियासी सरपरस्तों के साथ किसी भी तरह की नशा विरोधी मुहिम को जनता का समर्थन नहीं मिल सकता।
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कुलदीप धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार पिछले चार वर्षों से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। पूरे पंजाब में लगातार जागरूकता यात्राएं, सख्त कार्रवाई और तस्करों पर प्रहार किया जा रहा है।
उन्होंने राज्यपाल की यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस मंच पर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के नेता मौजूद हों, वह नशा खत्म करने की यात्रा नहीं हो सकती। धालीवाल ने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के दौरान पंजाब में नशे का ‘छठा दरिया’ बहाने वाले लोग ही आज नशा विरोध की बातें कर रहे हैं।
आप नेता ने कहा कि पंजाब के लोग भली-भांति जानते हैं कि किसने नशे के खिलाफ ईमानदार लड़ाई लड़ी और किसने सत्ता में रहते हुए तस्करों को संरक्षण दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी किसी भी सकारात्मक प्रयास के खिलाफ नहीं है, लेकिन जिन लोगों ने पंजाब की जवानी को बर्बाद किया, उनके साथ खड़े होकर निकाली गई यात्रा केवल राजनीतिक नौटंकी है।
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि यदि राज्यपाल वास्तव में नशे के खिलाफ गंभीर हैं तो उन्हें उन सामाजिक संगठनों, युवाओं और संस्थाओं को साथ लेना चाहिए जो वर्षों से जमीनी स्तर पर इस लड़ाई में लगे हैं। उन्होंने दोहराया कि आप सरकार नशा मुक्त पंजाब के लक्ष्य से पीछे हटने वाली नहीं है।


