By Priyanka Thakur
चंडीगढ़, 17 फरवरी — आम आदमी पार्टी पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मोगा के किल्ली चाहलां में आयोजित विलेज डिफेंस कमेटियों के शपथ ग्रहण समारोह पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में नशा मुक्त पंजाब के लिए उठाए जा रहे कदमों से विपक्षी दल बौखला गए हैं।
पन्नू ने आरोप लगाया कि जो दल आज सरकारी खर्च पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें अपना पिछला शासनकाल याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है कि किन दौरों में सत्ता के संरक्षण में नशे का कारोबार बढ़ा और किस तरह सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हुआ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार जनता का पैसा नशे के खिलाफ लड़ाई और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए खर्च कर रही है। पन्नू ने कहा कि मोगा कार्यक्रम में अभी केवल जागरूक नागरिकों ने शपथ ली है, लेकिन जब “युद्ध नशयां विरुद्ध” अभियान के तहत पूरे गांव एकजुट होंगे, तब विरोधियों की स्थिति और कमजोर होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान का दूसरा चरण सफल रहेगा क्योंकि पंजाब का हर नागरिक नशा मुक्त समाज चाहता है। पन्नू ने कहा कि सरकार युवाओं को बर्बाद करने वालों को किसी भी हालत में बख्शेगी नहीं और नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


