Monday, February 16, 2026
Homeपंजाबकेजरीवाल और मान का मोगा से बड़ा संदेश: आप बना रही नशा...

केजरीवाल और मान का मोगा से बड़ा संदेश: आप बना रही नशा मुक्त पंजाब, तस्करों पर सख्त कार्रवाई

By Priyanka Thakur

मोगा, 16 फरवरी — आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोगा में आयोजित विलेज डिफेंस कमेटियों के शपथ ग्रहण समारोह में नशा विरोधी अभियान को लेकर बड़ा संदेश दिया। दोनों नेताओं ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब को नशे की दलदल में धकेला, जबकि वर्तमान सरकार राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ रही है।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार कोई सरकार नशा तस्करों को संरक्षण देने की बजाय उन्हें जेल भेज रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक 2,000 किलो से अधिक नशा जब्त किया जा चुका है, बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनकी अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पारंपरिक पार्टियों के शासनकाल को याद रखें और ऐसे दलों को वोट न दें, वरना पंजाब फिर नशे के संकट में जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में पुलिस कार्रवाई और सरकार की सख्ती के कारण जनता का भरोसा बढ़ा है और अब लोग खुलकर जानकारी साझा कर रहे हैं। इस अभियान के तहत गांव-गांव में कमेटियां बनाई जा रही हैं, जिनमें सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व सैनिक, युवा और समाज के सम्मानित लोग शामिल हैं। इन कमेटियों का उद्देश्य नशा बेचने वालों की जानकारी देना और नशे की लत से पीड़ित लोगों को इलाज तक पहुंचाना है।

केजरीवाल ने बताया कि सरकार ने एक डिजिटल एप भी शुरू किया है, जिसके माध्यम से कोई भी सदस्य गोपनीय तरीके से जानकारी दे सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान सुरक्षित रखी जाएगी और प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब से चिट्टे का दाग मिटाना है और इसके लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की आपूर्ति श्रृंखला तोड़ी जा रही है, पुनर्वास केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है और युवाओं को खेल व रोजगार की ओर प्रेरित किया जा रहा है।

मान ने बताया कि सरकार गांवों में खेल मैदान बना रही है और युवाओं को सरकारी नौकरियां भी दी जा रही हैं ताकि वे नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याण योजनाएं, स्वास्थ्य कवरेज और रोजगार पहलें पंजाब को मजबूत बना रही हैं।

दोनों नेताओं ने इस अभियान को जनआंदोलन बताते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ही पंजाब को फिर रंगला और नशा मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस लड़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज से नशे की समस्या को खत्म करने में सहयोग दें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments