कादियां में आयोजित Shiromani Akali Dal की रैली को लेकर आम आदमी पार्टी ने कड़ा हमला बोला है। आप पंजाब के वरिष्ठ नेता जग़रूप सिंह सेखवां ने विधायक गुरदीप सिंह रंधावा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह रैली पंजाब या क्षेत्र के हित में नहीं, बल्कि Sukhbir Singh Badal और बादल परिवार को बचाने की कोशिश थी।
सेखवां ने आरोप लगाया कि रैली को कादियां का कार्यक्रम बताया गया, लेकिन लोगों को पूरे राज्य से इकट्ठा किया गया। इसके बावजूद अकाली दल कोई ठोस राजनीतिक उपलब्धि हासिल नहीं कर सका और न ही कोई पंचायत सदस्य पार्टी में शामिल हुआ।
उन्होंने कहा कि माझा क्षेत्र की इस अहम रैली में बिक्रम सिंह मजीठिया की गैरमौजूदगी अंदरूनी फूट का संकेत है। उनके अनुसार, पार्टी में दो पावर सेंटर बन चुके हैं और भविष्य में और टूट की संभावना है।
सेखवां ने धार्मिक संस्थाओं और एसजीपीसी से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सिख संस्थाओं का राजनीतिक और आर्थिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब समझती है और 2022 में अकाली दल को नकार चुकी है।
आप नेता ने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या पूर्व सरकार की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गुरुद्वारों को बादल परिवार के प्रभाव से मुक्त कराना बड़ी लड़ाई होगी।


