टी20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया, फाइनल में बनाई जगह
टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। टिम सीफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की शतकीय साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया। एलेन ने महज 19 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टूर्नामेंट का सबसे तेज पचासा लगाया, जबकि सीफर्ट ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
हालांकि कगिसो रबादा ने सीफर्ट को 58 रन पर आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया, लेकिन तब तक मैच पूरी तरह कीवी टीम के नियंत्रण में आ चुका था। न्यूजीलैंड ने केवल 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर 173 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने फाइनल में जगह बना ली है। अब दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। जो टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी जंग लड़ेगी।


