सरकार ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए 3,309 करोड़ रुपये : मुख्यमंत्री
602 गौशालाओं को 68 करोड़ रुपये, 35 लाख महिलाओं को 1,357 करोड़ रुपये और सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य योजनाओं के तहत 1,884 करोड़ रुपये जारी
चंडीगढ़, 9 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपने हर संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन ‘विकसित भारत’ का विजन है और उसी दिशा में हरियाणा सरकार भी निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री आज विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता का ही उदाहरण है कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जारी की गई है। उन्होंने बताया कि 3 मार्च 2026 को हरियाणा प्रदेश की 602 गौशालाओं को 68 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई।
उन्होंने सदन को अवगत करवाया कि 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा 35 लाख महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत 1,357 करोड़ रुपये जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 मार्च 2026 को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ साथ अलग अलग स्कीम के तहत 1,884 करोड़ रुपये की राशि जारी की। इसमें वृद्धावस्था पेंशन, दयालु योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ ही समय के दौरान राज्य सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा प्रदेश के लाभार्थियों के खातों में कुल 3,309 करोड़ रुपये सीधे पहुंचाने का कार्य किया है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार की प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने सदन में यह भी घोषणा की कि हाल ही में जींद जिला के सफीदों में हुए हादसे की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में जिनकी मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि घायलों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
********
स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ का असामयिक निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति: मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने सफीदों क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के दौरान जान गंवाने वाली महिलाओं के निधन पर जताया शोक
चंडीगढ़, 9 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ तथा जिला जींद के सफीदों में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली 7 महिलाओं के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ ने देश की सेवा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अदम्य साहस और समर्पण का परिचय दिया। उनका असामयिक निधन पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में हुए हादसे में 7 महिलाओं की मृत्यु पर भी गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है, जिसने पूरे प्रदेश को शोकाकुल कर दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण ने भी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक व्यक्त किया। विधायक श्री बी बी बत्रा ने अपनी पार्टी की ओर से दिवंगतों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
सदन में सभी दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


