अदालत से राहत के बाद अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने हरिमंदिर साहिब में टेका माथा
प्रियंका ठाकुर | अमृतसर | 12 मार्च 2026
दिल्ली शराब मामले में अदालत द्वारा सभी आरोप खारिज किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी के साथ अमृतसर स्थित सचखंड हरिमंदिर साहिब में माथा टेका और अरदास कर वाहेगुरु का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी के कई नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भेजा गया था, लेकिन अदालत ने सबूतों की कमी के कारण सभी आरोप खारिज कर दिए। उन्होंने कहा कि यह सच की जीत है और वाहेगुरु की कृपा से ही यह संभव हो पाया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले चार वर्षों में पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों, अस्पतालों और महिलाओं के लिए कई नई योजनाएं शुरू की गई हैं और राज्य के विकास के लिए आगे भी बड़े कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि अदालत के फैसले ने स्पष्ट कर दिया है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के विकास और लोगों की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए 13 मार्च से इन्वेस्ट पंजाब सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश और विदेश के उद्योगपति भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।


