महम में CM नायब सिंह सैनी ने 202.77 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन
By Priyanka Thakur
महम/रोहतक, 5 अप्रैल — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महम में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली के दौरान 202.77 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने 231.25 लाख रुपये की दो परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 118.84 करोड़ रुपये की सिंचाई विभाग और 80.88 करोड़ रुपये से अधिक की जनस्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा गांव सुंदरपुर में 74.04 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए स्कूल भवन की नींव भी रखी गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है और इन परियोजनाओं से महम क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने रैली के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि महम क्षेत्र हरियाणा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां की चौबीसी परंपरा सामाजिक न्याय, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रही है, जिसने हमेशा समाज को दिशा देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करती और हर क्षेत्र में समान रूप से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में महम क्षेत्र में 1328 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकार के 10 वर्षों में केवल 584 करोड़ रुपये ही खर्च किए गए थे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा की गई 121 घोषणाओं में से 105 पूरी हो चुकी हैं और बाकी पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 217 में से 60 वादों को डेढ़ साल में पूरा कर लिया है, जबकि शेष वादों पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी महम क्षेत्र के विकास को और गति दी जाएगी और जनता की सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।


