चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले में बड़ी कार्रवाई, 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार; कुल 7 आरोपी हिरासत में
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़, 5 अप्रैल — चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक इस मामले में कुल सात आरोपी पुलिस हिरासत में आ चुके हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने चंडीगढ़ पुलिस और हरियाणा पुलिस के सहयोग से संयुक्त ऑपरेशन चलाकर हरियाणा के रेवाड़ी से गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी रूपनगर जिले के रतनगढ़ के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमनप्रीत सिंह ने सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हैंड ग्रेनेड फेंका था, जबकि गुरतेज सिंह ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया था। जांच में यह भी सामने आया है कि अमनप्रीत का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
डीजीपी ने बताया कि इन आरोपियों को विदेश में बैठे आईएसआई समर्थित हैंडलरों ने 2 लाख रुपये के इनाम का लालच देकर इस वारदात को अंजाम देने के लिए उकसाया था। ये हैंडलर पुर्तगाल और जर्मनी से इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
इससे पहले पुलिस ने इस मामले में पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से एक हैंड ग्रेनेड और .30 बोर की पिस्तौल भी बरामद की गई थी। ताजा गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए विदेशी हैंडलरों से संपर्क किया था और उनकी योजना के तहत इस हमले को अंजाम दिया गया। घटना से पहले रेकी की गई और फिर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया।
डीजीपी गौरव यादव ने चंडीगढ़ पुलिस और हरियाणा पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सभी एजेंसियों के समन्वय से इस मामले का तेजी से खुलासा संभव हो सका।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


