एलपीजी संकट, महंगाई और किसान समस्याओं को लेकर भाजपा के खिलाफ बढ़ रहा जनाक्रोश: कुमारी सैलजा
-जनता अब सरकार की नीतियों से निराश है और बदलाव की अपेक्षा कर रही है
चंडीगढ़, 7 अप्रैल।
सिरसा की सांसद, अखिल भारतीय कांग्रेस कांग्रेस की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने असम के गुवाहाटी के अपने हालिया दौरे के बाद कहा है कि देशभर में एलपीजी संकट, बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि को लेकर आम जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है और मध्यम वर्ग तथा गरीब वर्ग दोनों ही आर्थिक दबाव झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों के चलते पूरे देश में भाजपा के विरुद्ध एक व्यापक वातावरण बन चुका है। जनता अब सरकार की नीतियों से निराश है और बदलाव की अपेक्षा कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम नागरिक को बार-बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दाम, खाद्य पदार्थों की महंगाई, रोजगार के अवसरों में कमी और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी ने लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल घोषणाओं तक सीमित नजर आती है। हरियाणा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य के किसान इस समय दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर प्राकृतिक आपदाओं जैसे वर्षा और ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद हुई हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें उचित मुआवजा और राहत नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और सरकार का रवैया उनके प्रति संवेदनहीन प्रतीत होता है। इसी क्रम में जींद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में महंगाई, खराब सड़को की स्थिति, पेयजल संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, गरीबों के कटे राशन कार्ड, पेंशन से जुड़ी परेशानियां तथा किसानों पर बढ़ते कर्ज जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यह निर्णय लिया कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए अपने संघर्ष को और तेज करेगी। उन्होंने संकल्प लिया कि आम लोगों, गरीब वर्ग और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर आवाज उठाई जाएगी तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।


