अमृतसर में हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़/अमृतसर: पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां एक अंतरराष्ट्रीय अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक 16 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों में इटली, ऑस्ट्रिया और चीन निर्मित पिस्तौल शामिल हैं, जो इस नेटवर्क की अंतरराष्ट्रीय पहुंच को दर्शाते हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान-आधारित तस्करों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के माध्यम से उनसे निर्देश प्राप्त करते थे। हथियारों की खेप ड्रोन के जरिए अटारी सेक्टर के सीमावर्ती इलाकों में गिराई जाती थी, जहां से आरोपी उन्हें उठाकर आगे सप्लाई करते थे।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि तीन आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर छह पिस्तौल बरामद की गई थीं, जबकि एक आरोपी फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नाबालिग को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक पिस्तौल बरामद की गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं, जबकि नाबालिग के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
इस मामले में पुलिस थाना छेहर्ता में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस ऑपरेशन से राज्य में अवैध हथियारों की सप्लाई को बड़ा झटका लगा है।


