आंगनवाड़ी वर्करों की समस्याओं पर सरकार गंभीर, हर जायज मांग पूरी करने का भरोसा
चंडीगढ़, 18 अप्रैल | प्रियंका ठाकुर
पंजाब सरकार ने आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की भलाई को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने चंडीगढ़ में आयोजित बैठक के दौरान यह आश्वासन दिया।
बैठक में मंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर विभाग का अहम हिस्सा हैं और वे जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी हर जायज मांग पर गंभीरता से विचार कर उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस दौरान आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों ने अपनी विभिन्न मांगों को मंत्री के सामने रखा, जिन्हें ध्यानपूर्वक सुना गया। डॉ. बलजीत कौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने बताया कि जिन मांगों का समाधान सरकार के उच्च स्तर पर होना है, उन्हें नई गठित सब-कमेटी के समक्ष रखा जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ माताओं को जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। गांवों और शहरों में घर-घर जाकर दी जा रही उनकी सेवाएं समाज की मजबूत नींव तैयार करने में योगदान दे रही हैं।
डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि पंजाब सरकार आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों के मान-सम्मान को बढ़ाने और उनकी भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरत के अनुसार उचित फैसले लिए जाएंगे।


