पंजाब में गैंगस्टर मॉड्यूल का पर्दाफाश, 4 आरोपी पिस्तौल सहित गिरफ्तार
चंडीगढ़, 20 अप्रैल | प्रियंका ठाकुर
पंजाब में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चल रही मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और एसएएस नगर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से दो विदेशी .30 बोर पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस Gaurav Yadav ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटियाला जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले अरमान सिंह, चिराग, रविंदर सिंह उर्फ राहुल और अक्षय उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक होंडा अमेज कार भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल ये अवैध गतिविधियों में कर रहे थे।
जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी अक्षय उर्फ प्रिंस वर्ष 2025 में अबोहर के ‘वीयर वेल’ शोरूम मालिक की हत्या के मामले में शामिल था और उसने मुख्य आरोपियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रदान किया था।
एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध व्यक्ति अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर सक्रिय हैं। इसके बाद विशेष टीम गठित कर हाईवे के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान जनैतपुर लिंक रोड के पास आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी हरमनदीप हंस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उन्हें पंजाब में बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे। समय रहते की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में गंभीर अपराध की संभावनाओं को टाल दिया गया है।
इस मामले में थाना डेराबस्सी में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगालने में जुटी है, जिससे आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।


