घुमन ब्रदर्स AAP में शामिल, पार्टी को मिलेगा कानूनी और क्षेत्रीय बल
By Priyanka Thakur | 30 अप्रैल | 24GhanteNews
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में जाने-माने वकील जी.एस. घुमन और जी.पी.एस. घुमन ने गुरुवार को पार्टी का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री Bhagwant Singh Mann ने दोनों का औपचारिक स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के प्रतिष्ठित और बुद्धिजीवी वर्ग का पार्टी से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि राज्य में चल रही ईमानदार राजनीति और जनकल्याणकारी नीतियों पर लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि AAP सरकार लोगों के हित में लगातार काम कर रही है, जिसके चलते हर वर्ग के लोग पार्टी से जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं।
कानूनी जगत में ‘घुमन ब्रदर्स’ के नाम से पहचान रखने वाले जी.एस. घुमन और जी.पी.एस. घुमन का सामाजिक प्रभाव भी काफी व्यापक है। वे न केवल अपने पेशे में सफल हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनके पार्टी में शामिल होने से आम आदमी पार्टी को कानूनी मोर्चे पर मजबूती मिलने के साथ-साथ माझा और मालवा क्षेत्र में भी संगठनात्मक विस्तार में मदद मिलेगी।
पार्टी में शामिल होने के बाद घुमन ब्रदर्स ने कहा कि वे मुख्यमंत्री भगवंत मान की कार्यशैली और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों से प्रभावित हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वे पंजाब के विकास और आम लोगों की आवाज को बुलंद करने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के प्रभावशाली लोगों के पार्टी में शामिल होने से AAP को आगामी समय में और मजबूती मिल सकती है।


