चंडीगढ़/अमृतसर, 3 मई | रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर
पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर की टीम ने सीमा पार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 12 किलो हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरजंट सिंह, अरविंदर सिंह और जशनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो तरनतारन जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए किया जा रहा था।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मुख्य आरोपी गुरजंट सिंह पाकिस्तान स्थित तस्कर के संपर्क में था। सीमा पार से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप भेजी जाती थी, जिसे गुरजंट अपने गांव के आसपास से उठाकर अपने साथियों तक पहुंचाता था।
इस पूरे ऑपरेशन की सफलता के पीछे पुख्ता खुफिया सूचना रही। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बड़ी खेप के साथ अमृतसर-छब्बाल रोड से गुजरने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी की और तीनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली, जिसमें 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आगे-पीछे के लिंक की जांच की जा रही है, जिससे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।


