Homepunjabप्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण आह्वान को जन अभियान बनाने की दिशा में...

प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण आह्वान को जन अभियान बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार के ठोस कदम

प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण आह्वान को जन अभियान बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार के ठोस कदम

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साइकिल से सफर कर दिया ईंधन बचत और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

 

चंडीगढ़ सुखना लेक पहुंच मॉर्निंग वॉक करने आए लोगों से की मुलाकात, स्वस्थ भारत-स्वस्थ हरियाणा का किया आह्वान

 

ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार ने जारी की मानक संचालन प्रक्रिया, वर्चुअल मीटिंग्स और वर्क फ्रॉम होम को मिलेगा प्रोत्साहन

चंडीगढ़, 19 मई — प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और विकसित भारत के निर्माण को लेकर किए गए आह्वान को जन अभियान का स्वरूप देने की दिशा में हरियाणा सरकार ने ठोस पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार सुबह साइकिल से सफर कर प्रदेशवासियों को ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री सुबह-सुबह चंडीगढ़ में सुखना लेक पहुंचे, जहां उन्होंने मॉर्निंग वॉक करने आए लोगों से मुलाकात कर स्वस्थ भारत-स्वस्थ हरियाणा का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और मिडल ईस्ट में बने हालात के मद्देनज़र आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आमजन से पेट्रोल-डीजल की बचत करने, सुरक्षित यात्रा करने, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने तथा अनावश्यक ईंधन खपत कम करने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी प्रधानमंत्री के इस आह्वान को गंभीरता से लेते हुए राज्य स्तर पर मानक संचालन प्रक्रिया जारी की है। इसके तहत वर्चुअल मीटिंग्स को बढ़ावा देने, वर्क फ्रॉम होम जैसे विकल्प अपनाने तथा सरकारी कार्यप्रणाली में ऊर्जा बचत को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से आमजन को भी इस मुहिम से जोड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विपक्ष से भी राजनीति से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में सहयोग देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जब देशवासियों से सहयोग की अपील की थी, तब पूरे देश ने एकजुट होकर उसका पालन किया और सामूहिक प्रयासों से भारत उस संकट से सफलतापूर्वक बाहर निकला। उसी प्रकार आज भी यदि सभी नागरिक ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को अपना दायित्व मानकर आगे आएंगे तो देश हर चुनौती का मजबूती से सामना करेगा।

क्रमांक- 2026

हरियाणा ने ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ को दी रफ्तार :  डॉ. मनीष बंसल

 

-टीबी मरीजों के लिए विशेष पोषण सहायता वाहन को दिखाई हरी झंडी

चंडीगढ़ , 19 मई – देश को तपेदिक (टीबी) से मुक्त करने के संकल्प को और मजबूत करते हुए स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल और  मिशन चेतना फाउंडेशन प्रमुख सुश्री मनीषा चौधरी ने आज पंचकुला से बाल टीबी मरीजों के लिए विशेष, फोर्टिफाइड पोषण आहार पैकेट ले जा रहे एक समर्पित वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पोषण वितरण का यह महत्वपूर्ण अभियान टीबी मुक्त भारत अभियान (TBMBA ) के तहत ‘निक्षय मित्र’ पहल के अंतर्गत शुरू किया गया है। मिशन चेतना फाउंडेशन  और राइज अगेंस्ट हंगर इंडिया ने निक्षय मित्र के रूप में आगे आते हुए हरियाणा राज्य के तीन जिलो में 70 बाल टीबी मरीजों (उम्र 0-18 वर्ष) को 6 महीने की अवधि के लिए गोद लिया है  जिसमे पंचकुला के 20, अंबाला के 20 और यमुनानगर के 30 मरीज  हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि टीबी के सफल इलाज के लिए पर्याप्त पोषण बेहद बुनियादी जरूरत है। “टीबी के इलाज के लिए मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को बढ़ाना और दवाइयों का नियमित सेवन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इन युवा मरीजों के दैनिक आहार में वैज्ञानिक रूप से तैयार, पोषक तत्वों से भरपूर भोजन को शामिल करके, हम इलाज बीच में छोड़ने की दर (डिफ़ॉल्ट रेट) को कम कर रहे हैं और मरीजों के तेजी से ठीक होने का रास्ता साफ कर रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से इस ‘जनभागीदारी’ आंदोलन से जुड़ने और टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील की है।

कार्यक्रम में राज्य टीबी अधिकारी डॉ. राजेश राजू, निक्षय मित्र पहल की राज्य कार्यक्रम अधिकारी सुश्री प्रिया जायसवाल, स्टेट टीबी सेल के अधिकारी व कर्मचारी और एनजीओ के प्रतिनिधि  विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सेना भर्ती कार्यालय, हिसार द्वारा कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 2026-27 की तिथियां घोषित

चंडीगढ़ , 19 मई – भारतीय सेना में भर्ती के लिए आयोजित की जाने वाली कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 2025-26 की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। यह परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 के बीच देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।

इस बारे जानकारी देते हुए सेना भर्ती कार्यालय हिसार के प्रवक्ता ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 15 मई 2026 को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट  www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी एडमिट कार्ड पर उपलब्ध कराई गई है।

 प्रवक्ता ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उनका पूर्ण रूप से पालन करें। परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग टाइम तथा गेट बंद होने का समय भी एडमिट कार्ड पर स्पष्ट रूप से अंकित किया गया है, इसलिए अभ्यर्थी समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह सेना भर्ती कार्यालय, हिसार में संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करवा सकता है। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारियों के लिए शुभकामनाएं दी हैं और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने का आग्रह किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments