भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने 25 मई 2026 से आयोजित होने जा रहे “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” के लिए हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर औपचारिक रूप से निमंत्रण पत्र भेंट किया तथा आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर खेल प्रकोष्ठ के कन्वीनर प्रभजीत लाम्बा, प्रदेश महामंत्री संजीव राणा, शक्ति प्रकाश देवशाली, मीनाक्षी ठाकुर एवं सरगुन अरोड़ा उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने बताया कि “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” का आयोजन विशेष रूप से अंडर-19 आयु वर्ग के उभरते खिलाड़ियों के लिए किया जा रहा है, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर उन्हें खेल एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने का एक अभियान है।
उन्होंने बताया कि इस भव्य खेल महोत्सव में फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, रग्बी, नेटबॉल, वॉलीबॉल, जूडो, कराटे, टेबल टेनिस तथा ट्रैक एंड फील्ड की विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं ऊंची कूद सहित कुल 11 खेलों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में 2000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यह खेल महोत्सव 25 मई से 1 जून 2026 तक पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जाएगा, जबकि उद्घाटन समारोह 25 मई को शाम 5:00 बजे विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में संपन्न होगा।
जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा खेल प्रकोष्ठ का उद्देश्य आने वाले समय में ऐसे होनहार खिलाड़ियों को तैयार करना है, जो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चंडीगढ़ का नाम रोशन करें तथा भविष्य में ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश को गौरवान्वित करें।
उन्होंने कहा कि “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” युवाओं के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 मई को पंजाब यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हॉल में “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” का करेंगे भव्य उद्घाटन, 2000 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 मई को पंजाब यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हॉल में “चंडीगढ़ खेलो गेम्स 2026” का करेंगे भव्य उद्घाटन, 2000 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग


