Homeपंजाबपंजाब में पुलिस गश्त होगी तेज, डीजीपी गौरव यादव ने दिए सुरक्षा...

पंजाब में पुलिस गश्त होगी तेज, डीजीपी गौरव यादव ने दिए सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश | 24 Ghante News

पंजाब में बढ़ेगी पुलिस गश्त, डीजीपी गौरव यादव ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश

By Priyanka Thakur

चंडीगढ़: पंजाब में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पंजाब पुलिस ने राज्यभर में पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने का फैसला किया है। डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने सभी फील्ड यूनिटों को रणनीतिक नाकों, मोबाइल गश्त और वाहनों की सघन जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों में सुरक्षा और भरोसे का माहौल और मजबूत हो सके।

डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, रेंज डीआईजी, पुलिस कमिश्नरों और सभी जिलों के एसएसपी के साथ वर्चुअल बैठक कर राज्य की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अपराध नियंत्रण, पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और पंजाब सरकार की प्रमुख सुरक्षा पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीजीपी ने कहा कि सभी जिलों और कमिश्नरेटों में पुलिस नाकों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए मोबाइल गश्त को भी और तेज किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक वाहनों की जांच सुनिश्चित की जाए ताकि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

बैठक के दौरान डीजीपी गौरव यादव ने पंजाब सरकार की दो अहम मुहिम ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरां ते पर वार’ की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस अब ड्रग्स के अवैध कारोबार को फंडिंग देने वाले हवाला नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई कर रही है।

डीजीपी ने खुलासा किया कि जांच एजेंसियों का फोकस उन हवाला ऑपरेटरों पर है, जो मध्य-पूर्वी देशों के रास्ते पाकिस्तान तक ड्रग मनी पहुंचाने में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस इन नेटवर्कों को पूरी तरह खत्म करने के लिए कानूनी कार्रवाई तेज कर रही है और दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।

लोक-केंद्रित पुलिसिंग पर जोर देते हुए डीजीपी ने सभी सीपी और एसएसपी को लोगों के साथ नियमित संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय संगठनों, नागरिक समूहों और ग्राम रक्षा समितियों के साथ लगातार बैठकें कर पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments