राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने चलाया जन जागृति अभियान, ईंधन बचत और आर्थिक अनुशासन का दिया संदेश
चण्डीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में गैर-जरूरी खर्चों में कटौती और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील के समर्थन में राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन, चंडीगढ़ ने शहर में व्यापक जन जागृति अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को संभावित ऊर्जा चुनौतियों और आर्थिक परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना तथा ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।अभियान के तहत संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर बैनर और जागरूकता स्टिकरों के माध्यम से लोगों को संदेश दिया। इस दौरान दुकानों, मंदिरों, अस्पतालों, पार्कों तथा शैक्षणिक संस्थानों में जनहित से जुड़े संदेश प्रदर्शित किए गए।संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मोनिका भारद्वाज ने बताया कि अभियान के दौरान नागरिकों से ईंधन की बचत, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और आर्थिक अनुशासन अपनाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली चुनौतियों के मद्देनजर देश के प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस और अन्य ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण न केवल व्यक्तिगत स्तर पर खर्च कम करने में सहायक होगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। अभियान के दौरान लोगों को अनावश्यक ईंधन खपत कम करने, स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रहित संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे देश के समक्ष आने वाली किसी भी चुनौती का सामना करने में अपना सहयोग दें तथा ईंधन संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के उपयोग और आर्थिक जिम्मेदारी जैसे उपायों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से देश किसी भी संभावित आर्थिक अथवा ऊर्जा संबंधी चुनौती का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है।


