पंजाब में इस बार बनेगी डबल इंजन की भाजपा सरकार: नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के कार्यभार ग्रहण समारोह में पहुंचकर दी शुभकामनाएं
चंडीगढ़, जून- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पंजाब के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यभार ग्रहण समारोह में पहुंचकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरदार ढिल्लों के नेतृत्व में पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी और पंजाब में भी हरियाणा की तरह डबल इंजन की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब भाजपा कार्यालय में पूजा और अरदास की तथा दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित संगठन है, जहां व्यक्ति नहीं बल्कि विचार और राष्ट्रहित सर्वोपरि होते हैं। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करता है, जिसके कारण आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश की सुरक्षा, कृषि, उद्योग और राष्ट्रभक्ति के क्षेत्र में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। प्रदेश की जनता विकास, रोजगार, समृद्धि और सुशासन की आकांक्षा रखती है तथा भारतीय जनता पार्टी इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरदार केवल सिंह ढिल्लों की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी संगठन को पंजाब में नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती मिलेगी तथा जनता के बीच पार्टी की पकड़ और सशक्त होगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश में हुए विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनने के बाद पंजाब भी विकास, निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन विस्तार को अपना प्रमुख लक्ष्य बनाते हुए गांव-गांव, शहर-शहर और बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों एवं विकास कार्यों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आगामी समय पंजाब के लिए नए अवसर लेकर आएगा और जनता विकास, पारदर्शिता तथा सुशासन की राजनीति को और अधिक समर्थन देगी। उन्होंने पंजाब के लोगों से पंजाब को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री तरुण चुघ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष श्री सुनील जाखड़, सांसद सतनाम सिंह संधू, स. नरेंद्र सिंह, सरदार इकबाल सिंह लालपुरा तथा विजय सांपला सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
क्रमांक-2026
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
चंडीगढ़, 3 जून- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को आदमपुर हिसार पहुंचकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय चौधरी भजनलाल के जन प्रेरणा स्थल(समाधि स्थल) पर पहुंचकर परिक्रमा की तथा उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने समाधि स्थल परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक रेनुका बिश्नोई, पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
क्रमांक-2026
एचसीएस अधिकारी मनीष कुमार को लगाया एडीआईपीआर
खान एवं भूविज्ञान विभाग के अतिरिक्त निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार
चंडीगढ़, 3 जून-हरियाणा सरकार ने नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री मनीष कुमार लोहान को तत्काल प्रभाव से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग का अतिरिक्त निदेशक लगाया है।
इसके अतिरिक्त, उन्हें खान एवं भू-विज्ञान विभाग के अतिरिक्त निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
क्रमांक-2026
जलवायु संकट से मुकाबले को हरियाणा का बड़ा कदम, 100 करोड़ रुपये के ग्रीन क्लाइमेट फंड की स्थापना का प्रस्ताव
5 जून को गुरुग्राम में होगा राज्य स्तरीय विश्व पर्यावरण दिवस समारोह- राव नरबीर सिंह
चंडीगढ़, 3 जून- हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरे विश्व के समक्ष एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। संयुक्त राष्ट्र महासभा से लेकर विश्व के विभिन्न देश इस समस्या के वैज्ञानिक समाधान तलाशने के लिए निरंतर शोध एवं नवाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार ने प्रदेश को जलवायु-अनुकूल एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल करते हुए वर्ष 2026-27 के बजट में 100 करोड़ रुपये के सीड प्रावधान के साथ “हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंट फंड” स्थापित करने की घोषणा की है।
राव नरबीर सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए राज्य सरकार की विभिन्न पहलों पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
राव नरबीर सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का थीम ‘प्राकृति से प्रेरित-जलवायु के लिए-हमारे भविष्य के लिए’ निर्धारित किया गया है। यह थीम जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने, पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण एवं पुनर्बहाली, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, सतत जीवनशैली अपनाने तथा सुरक्षित भविष्य के लिए वैश्विक सहयोग की आवश्यकता पर बल देता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित 100 करोड़ रुपये का ग्रीन क्लाइमेट फंड हरियाणा में शून्य-उत्सर्जन वाहनों, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, शहरी हरितीकरण, जलवायु-अनुकूल कृषि तथा प्रकृति-आधारित समाधानों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से वायु एवं जल प्रदूषण की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नवाचार आधारित निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।
वन एवं पर्यावरण मंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश से होकर गुजरने वाली 313 किलोमीटर लंबी यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए विशेष मिशन मोड में कार्य करने की पहल की है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में संचालित होने वाले इस मिशन के अंतर्गत मल-जल शोधन क्षमता में वृद्धि, अनियंत्रित अपशिष्ट प्रवाह पर रोक, औद्योगिक इकाइयों की रियल टाइम निगरानी, नदी तटों का संरक्षण, हरित पट्टी विकास तथा भू-जल पुनर्भरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के दौरान यमुना में गिरने वाले सभी नालों के जल का वैज्ञानिक उपचार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से हरियाणा में पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी तथा प्रदेश सतत, समावेशी एवं हरित विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की।


