संयुक्त किसान मोर्चा ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को सौंपा ज्ञापन, किसानों के मुद्दों पर मांगा समाधान
चंडीगढ़, 19 जून: संयुक्त किसान मोर्चा (पंजाब) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक Gulab Chand Kataria से मुलाकात कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपा। यह मुलाकात लोक भवन, पंजाब, चंडीगढ़ में हुई, जहां किसान नेताओं ने कृषि क्षेत्र की चुनौतियों और किसानों की समस्याओं को विस्तार से राज्यपाल के समक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसानों और खेत मजदूरों की कर्जमाफी, जल संसाधनों के संरक्षण, फसल बीमा योजनाओं को मजबूत करने, भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों तथा किसान आंदोलनों के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।
किसान नेताओं ने कृषि क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और किसानों की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान आवश्यक है।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि किसानों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और मांगों को वह व्यक्तिगत रूप से पंजाब सरकार और केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन विषयों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
राज्यपाल ने कहा कि पंजाब की कृषि, जल संसाधन और किसानों की आजीविका से जुड़े विषय अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने किसान संगठनों से आग्रह किया कि वे अपनी मांगों के साथ-साथ उनके व्यावहारिक और दीर्घकालिक समाधान संबंधी विस्तृत सुझाव भी उपलब्ध करवाएं, ताकि संबंधित सरकारों के समक्ष उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने यह भी जानकारी दी कि चंडीगढ़ में किसान नेताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने संबंधी प्रस्ताव राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है और इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया जारी है।
संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने किसानों के मुद्दों को गंभीरता से सुनने और उन्हें संबंधित सरकारों तक पहुंचाने के आश्वासन के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।


