Homeपंजाबराजस्व कानूनगो एसोसिएशन की मांगों के समाधान के लिए संयुक्त समिति बनेगी:...

राजस्व कानूनगो एसोसिएशन की मांगों के समाधान के लिए संयुक्त समिति बनेगी: हरपाल चीमा

राजस्व कानूनगो एसोसिएशन की मांगों के समाधान के लिए संयुक्त समिति बनेगी: हरपाल चीमा

चंडीगढ़, 20 अगस्त 2026: पंजाब सरकार ने राजस्व विभाग के फील्ड स्टाफ की मांगों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राजस्व कानूनगो एसोसिएशन की उचित मांगों का जल्द निपटारा करने के लिए राजस्व विभाग, वित्त विभाग, एडवोकेट जनरल कार्यालय और यूनियन प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राजस्व कानूनगो एसोसिएशन और राजस्व पटवारी यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान कर्मचारी संगठनों की मांगों और सेवा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हरपाल सिंह चीमा ने अतिरिक्त मुख्य सचिव-सह-वित्तीय आयुक्त राजस्व अनुराग वर्मा को निर्देश दिए कि यूनियन की उचित मांगों का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय देनदारियों से जुड़े सभी प्रस्ताव बिना देरी के वित्त विभाग को भेजे जाएं, ताकि आवश्यक औपचारिकताओं और मंजूरियों की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सके।

बैठक में रेवेन्यू कानूनगो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों का औपचारिक मांग पत्र भी सौंपा। इसमें कैडर का दर्जा और वेतन समानता, स्टेशनरी भत्ता, रिक्त पदों को भरना तथा कैडर के पुनर्गठन सहित कई प्रमुख मुद्दे शामिल रहे।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर गंभीर है और उचित मांगों को आपसी सहमति से हल करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के फील्ड स्टाफ की भूमिका प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण है और उनकी जायज समस्याओं का समयबद्ध समाधान जरूरी है।

राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने भी प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सरकार कर्मचारियों की सेवा शर्तों और कल्याण से जुड़े मामलों पर गंभीरता से विचार करेगी। संयुक्त समिति के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर संबंधित विभागों और यूनियन के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

बैठक में रेवेन्यू कानूनगो एसोसिएशन पंजाब के प्रदेश प्रधान हरवीर सिंह ढींडसा, प्रदेश महासचिव निर्मल सिंह बाठ, प्रदेश कोषाध्यक्ष पलविंदर सिंह सूद, प्रदेश उपप्रधान आदित्य कौशल, संगरूर जिला अध्यक्ष गुरजीत सिंह तुंग और लुधियाना जिला प्रधान जसवीर सिंह जस्सी समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। राजस्व पटवारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बलराज सिंह औजला ने भी अपने साथियों के साथ बैठक में मांगें रखीं।

News Written By: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments