Homeपंजाबउज नदी पर डैम की मांग, कुलदीप धालीवाल ने मनोज सिन्हा से...

उज नदी पर डैम की मांग, कुलदीप धालीवाल ने मनोज सिन्हा से की मुलाकात

उज नदी पर डैम की मांग को लेकर कुलदीप धालीवाल ने उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से की मुलाकात

चंडीगढ़, 20 अगस्त 2026: आम आदमी पार्टी के अजनाला से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर पंजाब के सीमावर्ती जिलों को बाढ़ से स्थायी राहत दिलाने के लिए उज नदी पर डैम बनाने की मांग उठाई। धालीवाल ने इस संबंध में उप राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए अजनाला, पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर में बार-बार आने वाली बाढ़ के स्थायी समाधान की जरूरत पर जोर दिया।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में धालीवाल ने कहा कि मॉनसून के दौरान उज नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी और भारी बारिश के कारण अजनाला तथा आसपास के निचले इलाकों में गंभीर बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने कहा कि 1988 के बाद 2023, 2025 और 2026 में आई बाढ़ ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाया है।

आप विधायक के मुताबिक बाढ़ का पानी खेती की जमीन में घुसने से फसलें बर्बाद होती हैं और सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों तथा अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान सीमा पर तैनात बीएसएफ और सेना के जवानों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग भी प्रभावित होते हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।

धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार हर साल बाढ़ राहत, बांधों को मजबूत करने और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने पर बड़ी राशि खर्च करती है, लेकिन ये उपाय अस्थायी राहत प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार राहत राशि खर्च करने के बजाय उज नदी पर डैम बनाकर पानी का प्रभावी प्रबंधन करना बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

उन्होंने उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से अपील की कि वह उज नदी डैम के मुद्दे को प्रधानमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के समक्ष उठाएं। धालीवाल ने परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता और उपयुक्त स्थान निर्धारित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और फिजिबिलिटी स्टडी तैयार करवाने की मांग भी की।

विधायक ने कहा कि प्रस्तावित डैम केवल बाढ़ नियंत्रण तक सीमित नहीं रहेगा। इससे मानसून के दौरान अतिरिक्त पानी को संग्रहित किया जा सकेगा, बिजली उत्पादन की संभावनाएं बढ़ेंगी और क्षेत्र में पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

धालीवाल ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास देश की सुरक्षा और आर्थिक प्रगति दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेंगे और उज नदी पर डैम की दिशा में आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

News Written By: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments