Homeपंजाबजीरा में गुरप्रीत सिंह सेखों हजारों समर्थकों संग AAP में शामिल, CM...

जीरा में गुरप्रीत सिंह सेखों हजारों समर्थकों संग AAP में शामिल, CM मान ने किया स्वागत

जीरा में गुरप्रीत सिंह सेखों हजारों समर्थकों के साथ AAP में शामिल, CM भगवंत मान ने किया गर्मजोशी से स्वागत

जीरा, फिरोजपुर, 6 सितंबर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जीरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान गुरप्रीत सिंह सेखों और उनके हजारों समर्थकों का आम आदमी पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सच्ची सेवा करने के इरादे से सार्वजनिक जीवन में आने वाले व्यक्ति को जनता का अपार प्यार और समर्थन मिलता है।

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि गुरप्रीत सिंह सेखों और उनके समर्थकों का आम आदमी पार्टी में शामिल होना पंजाब सरकार की नीतियों और विकास कार्यों में लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब पारंपरिक राजनीति से दूर होकर काम और विकास की राजनीति को प्राथमिकता दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के लोगों की भलाई के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 1,100 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए जा चुके हैं, ताकि लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

किसानों के हितों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में खेती के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और सिंचाई के लिए नहरी पानी पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं।

सीएम मान ने कहा कि उनकी सरकार ने 70 हजार से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने सड़कों के सुधार, टोल प्लाजा बंद करने, शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने तथा गांवों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए राज्य में 3,100 खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ और ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ का भी जिक्र करते हुए कहा कि सरकार आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

अकाली दल और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों को पंजाब के विकास के लिए अपना विजन स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अकाली दल और कांग्रेस के पास सरकार की आलोचना करने के अलावा कोई ठोस एजेंडा नहीं है।

अकाली दल की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी लंबे समय तक पंजाब पर शासन करने का दावा करने वाली पार्टी आज कमजोर स्थिति में पहुंच गई है। वहीं कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता आपसी मतभेदों में उलझे हुए हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनके लिए राजनीति सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करने का जरिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के विकास, युवाओं के भविष्य और लोगों की खुशहाली के लिए सरकार पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करती रहेगी।

उन्होंने आम आदमी पार्टी में शामिल हुए गुरप्रीत सिंह सेखों और उनके समर्थकों से लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के बदलाव और विकास का सफर लगातार जारी रहेगा।

News Written By: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments