चंडीगढ़/अमृतसर, 7 सितंबर 2026: पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की कथित तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 15 पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक सिंह निवासी रोड़ांवाला खुर्द और शुभप्रीत सिंह उर्फ शुभ निवासी वेरका-मजीठा बाईपास, अमृतसर के रूप में की है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कथित तौर पर विदेश स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, वे अपने हैंडलरों के निर्देश पर अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप हासिल कर आगे सप्लाई करते थे। मामले की जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आईजीपी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि थाना घरिंडा पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति अटारी क्षेत्र में अवैध पिस्तौल और हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अटारी-झबाल रोड स्थित धुसी बांध टी-प्वाइंट पर नाका लगाया।
इसी दौरान एक्टिवा स्कूटर पर आ रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, एक्टिवा चला रहे शुभप्रीत सिंह और पीछे बैठे दीपक सिंह के कब्जे से 15 पिस्तौल और 5 किलो हेरोइन बरामद हुई।
एसएसपी अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मॉड्यूल में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें छापेमारी कर रही हैं।
इस मामले में थाना घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण में एफआईआर नंबर 388, दिनांक 06.09.2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत मामला दर्ज किया है।
News Written By: Priyanka Thakur


