पंजाब की शिक्षा क्रांति: 21 लाख अभिभावक मेगा PTM में शामिल, सरकारी स्कूलों को वर्ल्ड क्लास बनाने का लक्ष्य
चंडीगढ़, 9 अक्टूबर: पंजाब में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्यभर में मेगा पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) का आयोजन किया। सरकार के अनुसार, इस पहल में करीब 21 लाख अभिभावकों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई से जोड़ना और सरकारी स्कूलों को विश्वस्तरीय बनाना है।
राज्य के सभी 23 जिलों के लगभग 19,200 सरकारी स्कूलों में आयोजित इस पहल के दौरान अभिभावकों ने शिक्षकों से मुलाकात कर बच्चों की रिपोर्ट कार्ड, उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति और पढ़ाई में सुधार की जरूरतों पर चर्चा की। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने करीब 2,000 स्कूलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कैबिनेट मंत्रियों और आम आदमी पार्टी के विधायकों ने भी विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत की।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बड़ी संख्या में भागीदारी के लिए अभिभावकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों को विश्वस्तरीय बनाना और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच नियमित संवाद से बच्चों की पढ़ाई में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
‘हर दिन, इक कदम आगे’ थीम के तहत आयोजित मेगा PTM में शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए। इस दौरान स्कूल प्रबंधन समितियों की भूमिका और शिक्षा विभाग की विद्यार्थी सहायता योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
बैठक में शामिल अभिभावकों ने शिक्षा सुधारों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर अपने अनुभव साझा किए। कुछ महिला अभिभावकों ने मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता को घरेलू खर्च और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों के लिए उपयोगी बताया। वहीं, मुख्यमंत्री सेहत योजना को लेकर अभिभावकों ने गंभीर बीमारी के समय परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद जताई।
सरकार का कहना है कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए सरकारी स्कूलों को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में काम कर रही है। मेगा PTM के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति से जोड़ने और शिक्षा व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
News written by Priyanka Thakur


