मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने धर्मपत्नी सहित प्रथम नवरात्र पर माता मनसा देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की करी कामना*
*हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का किया उद्घाटन, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा*
*मुख्यमंत्री ने रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह, कहा—रक्तदान महादान*
चंडीगढ़ , 11 अक्टूबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी के साथ अश्विन नवरात्र के प्रथम दिन माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की और महामायी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुतियां डालीं।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री सतपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को सम्मान स्वरूप माता मनसा देवी का चित्र भेंट किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अश्विन नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रथम नवरात्र के पावन अवसर पर उन्हें महामायी के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने मां मनसा देवी के चरणों में प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने कामना की कि हरियाणा प्रदेश निरंतर तरक्की और खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
*मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह*
मुख्यमंत्री ने नवरात्र के शुभ अवसर पर श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, पंचकूला तथा श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से बातचीत की और इस पुनीत कार्य के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी व्यक्ति द्वारा दान की गई रक्त की एक बूंद भी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने लोगों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
*हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का किया उद्घाटन*
मुख्यमंत्री ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल और पंचकूला के पुलिस आयुक्त श्री पंकज नैन भी उपस्थित रहे।
इस टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर 20 प्रशिक्षित जवानों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। इन जवानों को सामान्य पुलिस वर्दी से अलग विशिष्ट टूरिस्ट पुलिस वर्दी प्रदान की गई है, ताकि श्रद्धालु उन्हें आसानी से पहचान सकें। ये जवान चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सहायता और सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यहां लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी अब इसी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट से की जाएगी। इसके लिए पोस्ट में ही नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की भाषा और व्यवहार को समझते हुए उनकी बेहतर सहायता सुनिश्चित करने के लिए जवानों को विशेष व्यवहार-कौशल एवं संवाद प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि वे श्रद्धालुओं की समस्याओं का विनम्रता और सहयोगपूर्ण तरीके से समाधान कर सकें।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू होने से माता मनसा देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और सुखद बनेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विवेक आर्या, पुलिस उपायुक्त सुश्री अदिति सिंह, मेयर श्री शाम लाल बंसल, हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, मीडिया संपर्क प्रमुख श्री प्रवीण अत्रेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
क्रमांक -2026
सरकार सिंचाई की बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध : श्रुति चौधरी
सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री ने झज्जर में 11 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
चंडीगढ़ , 11 अक्टूबर -हरियाणा की सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने रविवार को झज्जर स्थित सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंचाई विभाग की 10 महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन तथा एक परियोजना का शिलान्यास किया गया। इन 11 विकास योजनाओं की कुल लागत लगभग 37.50 करोड़ रुपये है। इन योजनाओं से जिला के विभिन्न गांवों में जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा खेतों में जलभराव और बाढ़ के पानी की निकासी में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया गया। इससे पहले कार्यक्रम में पहुँचने पर एसडीएम रवि मीणा व सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार ने सिंचाई मंत्री का स्वागत करते हुए जिलाभर में चल रही सिंचाई से जुड़ी योजनाओं व परियोजनाओं की जानकारी दी।
सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जल निकासी से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को राहत देने और कृषि भूमि को जलभराव से बचाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने 428.83 लाख रुपये की लागत से बिसाहन लिंक नाले पर टेल रेगुलेटर सहित 50 सीएस क्षमता के पंप हाउस, 839.25 लाख रुपये की लागत से कासनी लिंक नाले का निर्माण तथा 687.99 लाख रुपये की लागत से नीलाहेड़ी गांव में भूजल स्तर कम करने के लिए ट्यूबवेल से संबंधित योजना का उद्घाटन किया। इसके अलावा गांव अकेहड़ी -मदनपुर में 225.34 लाख तथा 215.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो भूमिगत एचडीपीई पाइपलाइन लिंक ड्रेन योजनाओं का उद्घाटन किया । जेएलएन फीडर पर 97.41 लाख रुपये की लागत से स्थापित 20 सीएस और 10 सीएस क्षमता के पंप सेट भी शुरू किए गए। उन्होंने गांव दुबलधन( घिक्यान) क्षेत्र में 362.32 लाख रुपये की लागत से बाढ़ के पानी की निकासी, दुबलधन (बिध्यान) लिंक नाली के 86.39 लाख रुपये की लागत से निर्माण, कासनी माइनर से नाला नंबर-8 तक 318.49 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने तथा मुंडाहेड़ा गांव के खेतों से जेएलएन एस्केप चैनल तक 226.07 लाख रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी पाइपलाइन योजनाओं का भी शुभारंभ किया।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने ढाकला, चंदोल और सुर्खपुर गांवों में बाढ़ के पानी की निकासी के लिए 263.17 लाख रुपये की लागत से नाला नंबर-8 तक 1000 मिलीमीटर व्यास की आरसीसी पाइपलाइन बिछाने की परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से संबंधित गांवों में बरसाती पानी की निकासी सुगम होगी और किसानों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
इन विकास योजनाओं से रिटौली, कबूलपुर, गोच्छी, बिसाहन, बेरी, बाकरा, नीलाहेड़ी, अकेहड़ी- मदनपुर, अच्छेज, सफीपुर, मलिकपुर, गोधडी, सिवाना माजरा, दुबलधन, बिठला, लडायन, बिरहड़, मुंडाहेड़ा,चढ़वाना सहित विभिन्न गांवों को लाभ मिलेगा। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होने से खेतों में पानी जमा होने की समस्या कम होगी तथा कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
क्रमांक -2026
स्वर्ण पदक विजेता अमन सहरावत युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : कृष्ण लाल पंवार
गांव बिरोहड़ में अंतरराष्ट्रीय पहलवान अमन सहरावत के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित
चंडीगढ़ , 11 अक्टूबर – हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पहलवान अमन सहरावत ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी पहचान बनाने वाले अमन सहरावत की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार रविवार को झज्जर जिला के गांव बिरोहड़ में अंतरराष्ट्रीय पहलवान अमन सहरावत के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने अमन सहरावत को गदा भेंट कर सम्मानित किया और उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना की। समारोह में बाढ़डा के विधायक श्री उमेद सिंह पातूवास और पूर्व मंत्री श्री ओमप्रकाश धनखड़ भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा वीरों और खिलाड़ियों की धरती है। देश की सीमाओं पर जहां प्रदेश के जवान राष्ट्र की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं, वहीं खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों में हरियाणा के 41 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। अमन सहरावत जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी उपलब्धियों से यह साबित करते हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से न केवल गांव बिरोहड़, बल्कि जिला झज्जर और पूरे हरियाणा का गौरव बढ़ा है।
क्रमांक -2026
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शहीद समय सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण, विद्यालय का नामकरण शहीद के नाम पर करने की घोषणा
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर- केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को नूंह के गांव कुरथला में शहीद समय सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने गांव के विद्यालय का नाम शहीद समय सिंह के नाम पर रखने, शहीद छतरपाल सिंह के नाम पर गांव में प्रवेश द्वार का निर्माण कराने तथा कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने शहीद विक्रम सिंह के नाम पर भी विद्यालय का नामकरण करने की बात कही।
गांव कुरथला में आयोजित शहीद समय सिंह की स्मृति में प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांव कुरथला देश सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस छोटे से गांव ने अब तक सात वीर सपूतों को खोया है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। राष्ट्र इन वीर शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखेगा। इस अवसर पर उन्होंने शहीद समय सिंह के पिता दलबीर सिंह व माता बिरेश देवी और बहनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही शहीद किरण सिंह शेखावत के ससुर एवं पूर्व सरपंच श्रीचंद को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों की शहादत पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। शहीदों की कुर्बानियों के कारण ही हम आज स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं और लोकतंत्र में अपने विचार व्यक्त कर पा रहे हैं। छोटे से गांव कुरथला के सात जवानों का शहीद होना अपने आप में बड़ी बात है। यह गांव की देशभक्ति, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को दर्शाता है। शहीदों के परिवारों ने अपार दुख सहन किया है, लेकिन उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
शहीदों के नाम पर होंगे विद्यालय और गांव का प्रवेश द्वार
राव इंद्रजीत सिंह ने घोषणा की कि गांव में शहीद समय सिंह के नाम पर विद्यालय का नामकरण किया जाएगा। इसके साथ ही शहीद विक्रम सिंह के नाम पर भी विद्यालय का नाम रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां इन वीर सपूतों के बलिदान को हमेशा याद रखें। शहीद छतरपाल सिंह के परिजनों की मांग के अनुरूप गांव में बनने वाले प्रवेश द्वार पर उनका नाम अंकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम पर होने वाले ये कार्य उनके बलिदान को चिरस्थायी बनाएंगे। गांव की युवा पीढ़ी को इन वीर जवानों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करनी चाहिए।
अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
केंद्रीय मंत्री ने अग्निवीरों के भविष्य और रोजगार के अवसरों पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सेना में सेवा देने के बाद वापस आने वाले अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों में भर्ती के दौरान अग्निवीरों को अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने गांव के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और ग्रामीणों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश उनके त्याग और समर्पण का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि गांव कुरथला सहित हरियाणा के अन्य गांवों से भी ऐसे वीर सपूत निकलते रहेंगे, जो राष्ट्र की रक्षा और सेवा में अपना योगदान देंगे।
क्रमांक – 2026
महाराजा अग्रसेन जी संपूर्ण भारतीय समाज की एक महान विभूति थे : मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी
महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के अवसर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
नवरात्रों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं
चंडीगढ़ , 11 अक्टूबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी पटियाला जिला के पातड़ां (पंजाब) के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के पावन अवसर पर युवा अग्रवाल सभा द्वारा आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने अहिंसा, समाजवाद और करुणा के प्रतीक महाराजा अग्रसेन जी के चरणों में शत-शत नमन करते हुए सभी देशवासियों को जयंती और नवरात्रों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी केवल अग्रवाल समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारतीय समाज की एक महान विभूति थे, जिन्होंने अपने राज्य में ‘एक ईंट और एक सोने की मोहर’ जैसी अनूठी और दूरदर्शी परंपरा की शुरुआत की थी ताकि हर नया परिवार आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने पशु बलि पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर मानव इतिहास में अहिंसा का सामाजिक नियम स्थापित किया।
श्री सैनी ने कहा कि अग्रवाल समाज का इतिहास हमेशा से राष्ट्र निर्माण, दानशीलता और मानवता की सेवा में स्वर्णिम रहा है। उन्होंने भामाशाह से लेकर देश और दुनिया में समाज का नाम रोशन करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, संतों, साहित्यकारों और उद्योगपतियों का विशेष रूप से स्मरण किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जी.एस.टी., डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने व्यापार जगत को नई ऊंचाइयां दी हैं। पंजाब की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब का व्यापारी और युवा वर्ग आज सुरक्षित माहौल, पारदर्शी व्यवस्था और बदलाव की उम्मीद कर रहा है।
अपने संबोधन में हरियाणा के औद्योगिक और आर्थिक विकास का खाका रखते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य सरकार ‘विकसित हरियाणा 2047’ के विजन के तहत 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और 50 लाख नए रोजगार सृजित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। हरियाणा आज देश में स्टार्टअप संस्कृति के मामले में चौथे स्थान पर है, जहां 12 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप, 19 यूनिकॉर्न और 250 से ज्यादा फॉर्च्यून-500 कंपनियां मौजूद हैं। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत सरकार ने उद्योगों और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के लिए प्लग-एंड-प्ले नीति, पद्मा कार्यक्रम और 1100 से अधिक गैर-जरूरी नियमों को समाप्त करने जैसे कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार की तर्ज पर यदि पंजाब में भी विकासोन्मुख व्यवस्था बनेगी, तो यहां के उद्यमियों को भी बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। अंत में उन्होंने सभी से महाराजा अग्रसेन जी के बताए मार्ग पर चलते हुए एक समृद्ध और सुरक्षित पंजाब के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
क्रमांक -2026
नवरात्रों के दौरान कुट्टू के आटे की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण करें : आरती सिंह राव
कहा, सैंपल लें और गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए
चंडीगढ़ 11 अक्टूबर – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने “खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, हरियाणा” को निर्देश दिए हैं कि नवरात्रों के दौरान कुट्टू के आटे एवं व्रत के दौरान प्रयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण करें , सैंपल लें और गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने आमजन से भी अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की बिक्री एवं सेवन से बचें।
आरती सिंह राव के निर्देशों का पालन करने की दिशा में कदम उठाते हुए “खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, हरियाणा” के आयुक्त डॉ मनोज कुमार ने फील्ड के अधिकारियों को कुट्टू के आटे एवं व्रत के दौरान प्रयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों पर पैनी नजर रखने को कहा है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, हरियाणा ने नवरात्रों और व्रत के सीजन के दौरान कुट्टू के आटे की बढ़ती मांग को देखते हुए आमजन और खाद्य कारोबारियों के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुट्टू के आटे के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता और साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर यह असुरक्षित हो सकता है और इसके सेवन से फूड पॉइजनिंग या खाद्य विषाक्तता जैसी गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। पुराना, नमीयुक्त, फफूंद लगा हुआ या दूषित आटा खाने से उल्टी, दस्त, पेट दर्द, मितली और बुखार जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित मानकों के अनुसार, मोटे अनाजों की श्रेणी में आने वाले कुट्टू में नमी की अधिकतम मात्रा 13.0 प्रतिशत होनी चाहिए। इसके अलावा, बाहरी अवांछित पदार्थ द्रव्यमान के आधार पर अधिकतम 1.0 प्रतिशत (जिसमें खनिज पदार्थ अधिकतम 0.25 प्रतिशत और बाहीय मूल की अशुद्धियां अधिकतम 0.10 प्रतिशत शामिल हैं) तथा अन्य खाद्य अनाज अधिकतम 2.0 प्रतिशत तक ही मान्य हैं।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों और दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे केवल वैध “भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण” लाइसेंस या पंजीकरण वाले विश्वसनीय विक्रेताओं से ही कुट्टू का आटा खरीदें। खरीद के समय पैकिंग तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, बैच नंबर और पैकेट की स्थिति की जांच अवश्य की जानी चाहिए। आटे को हमेशा साफ, सूखे, हवादार और नमी रहित स्थान पर कीटों और रसायनों से दूर रखना चाहिए। पुराने, बासी, बदबूदार या फफूंदयुक्त आटे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।
आम जनता के लिए जारी विशेष अपील में कहा गया है कि हमेशा विश्वसनीय दुकानों से सीलबंद पैकेट को प्राथमिकता दें और पैकेट पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण लाइसेंस नंबर व अन्य विवरण जांच लें। आटे में किसी भी तरह की असामान्य गंध, रंग में बदलाव, गांठ या कीड़े दिखने पर उसका उपयोग बिल्कुल न करें। कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थों को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं। यदि भोजन करने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द या चक्कर जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करें और स्वयं इलाज करने से बचें। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें ताकि खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सके।
क्रमांक -2026


