पंजाब में नशों के खिलाफ तेज होगी जंग, हाई-लेवल बैठक में बनेगी नई रणनीति: बलतेज पन्नू
चंडीगढ़, 15 अक्टूबर 2026। पंजाब में नशों के खिलाफ चल रही ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ मुहिम को और तेज करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने बताया कि इस बैठक में राज्य के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), डिप्टी कमिश्नर (डीसी), डीएसपी और एसडीएम एक साथ शामिल होंगे। बैठक में नशों के खिलाफ अब तक की कार्रवाई की समीक्षा करने के साथ आगे की रणनीति और एक्शन प्लान पर चर्चा की जाएगी।
पहली बार एक मंच पर आएंगे सभी जिलों के अधिकारी
बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही फिल्लौर में सभी थाना प्रभारियों (एसएचओ) के साथ बैठक कर चुके हैं। इसी कड़ी में अब राज्य स्तर पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की व्यापक बैठक आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले जिला स्तर पर एसएसपी की बैठकें होती रही हैं, लेकिन सभी जिलों के एसएसपी, डीसी, डीएसपी और एसडीएम का एक साथ बैठक में शामिल होना एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य नशों के खिलाफ कार्रवाई में बेहतर तालमेल स्थापित करना और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना है।
नशा तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई होगी तेज
बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब सरकार पिछले डेढ़ साल से नशों के खिलाफ अभियान चला रही है और अब इसे और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशों की रोकथाम या तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में कमी सामने आती है, तो पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। प्रस्तावित बैठक में अधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा कर आगे की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी।
मेडिकल नशों के दुरुपयोग पर भी रहेगी नजर
आप नेता ने मेडिकल नशों के गलत इस्तेमाल को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि नशे से जुड़े कुछ पदार्थ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के अंतर्गत आते हैं, जबकि कुछ अन्य पदार्थों के नियमन के लिए अलग कानूनी प्रावधान लागू होते हैं।
बलतेज पन्नू के अनुसार, कुछ पदार्थों को संबंधित कानूनी दायरे में लाने के मामले में केंद्र सरकार की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार मेडिकल नशों के दुरुपयोग को रोकने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभा रही है और इस मामले में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन की जवाबदेही होगी तय
बलतेज पन्नू ने कहा कि नशों के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। जहां भी व्यवस्था में कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
एसआईटी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले में अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उनके मुताबिक, संबंधित मामले में पुलिस और एडीजीपी के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
news written by Priyanka Thakur


